UP: चंदौली में नियामताबाद ब्लॉक के ग्राम सभा लौंदा की नई बस्ती में बाढ़ और जलभराव से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। क्षेत्र में आवागमन बाधित होने के साथ कई कच्चे मकान गिर गए हैं वहीं बिजली के खंभे और तारों की व्यवस्था भी प्रभावित होने से ग्रामीणों में हादसे की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राणा सिंह ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि भारतमाला परियोजना के तहत बनाई जा रही सड़क के कारण पानी की निकासी प्रभावित हुई है। सड़क के नीचे बनाए गए कन्वर्ट निर्धारित स्थानों पर नहीं होने के कारण पानी का बहाव बाधित है।
इसके चलते ख्यालगढ़, नईकोट, लौंदा और नई बस्ती की करीब 50 बीघा धान की फसल जलमग्न हो गई है।राणा सिंह ने कहा कि जलभराव के कारण कच्चे मकानों के गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है। पशुओं के लिए चारे की समस्या उत्पन्न हो गई है और रास्ते की कनेक्टिविटी टूटने से बच्चों का स्कूल जाना भी प्रभावित है।
उन्होंने भारतमाला परियोजना के अधिकारियों से तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करने की मांग की।उन्होंने जिला प्रशासन से भी एसडीएम, तहसीलदार, लेखपाल और कानूनगो को मौके पर भेजकर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।
Also Read: वाराणसी: गंगा का रौद्र रूप, घाटों तक पहुंचा पानी, नाव संचालन पर प्रशासन ने लगाई रोक
साथ ही प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री और जरूरी सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही।राणा सिंह ने बिजली विभाग से भी क्षतिग्रस्त अथवा प्रभावित बिजली के पोल और तारों की जांच कराने की मांग की, ताकि करंट की चपेट में आने से कोई हादसा न हो। उन्होंने प्रशासन और परियोजना अधिकारियों से जल निकासी की उचित व्यवस्था कर ग्रामीणों को राहत दिलाने की अपील की।
















































