बलिया: मनियर ब्लॉक के दिघेड़ा ग्रामसभा के रानीपुर गांव की सात वर्षीय रागिनी इन दिनों एक पैर के सहारे जिंदगी की चुनौतियों का सामना कर रही है। शारीरिक परेशानी के बावजूद उसके भीतर पढ़ाई और स्कूल जाने का जज्बा बरकरार है। रागिनी प्राथमिक विद्यालय दिघेड़ा में कक्षा एक की छात्रा है। हाल ही में उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें उसने जिलाधिकारी से स्कूल आने-जाने के लिए ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की गुहार लगाई थी।
डीएम के पहुंचने से पहले AAP ने बढ़ाया मदद का हाथ
रागिनी का वीडियो सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल भी उसके गांव पहुंचा। आप प्रवक्ता सर्वेश मिश्रा के निर्देश पर पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने बच्ची की मदद करते हुए उसे ट्राइसाइकिल और 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। पार्टी प्रतिनिधियों ने परिवार से मुलाकात कर उनकी परेशानियों को जाना और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
जिलाधिकारी ने गांव पहुंचकर जाना बच्ची का हाल
मामले की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी ने भी इसे गंभीरता से लिया और रागिनी के गांव पहुंचकर उसके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने रागिनी की मां बबीता देवी और उसके दादा से बातचीत कर बच्ची की शारीरिक स्थिति, दैनिक परेशानियों और पढ़ाई से जुड़ी जरूरतों की जानकारी ली। इसके बाद डीएम ने रागिनी से भी स्नेहपूर्वक बात की और उसकी पढ़ाई को लेकर उसकी इच्छा जानी।
पढ़ाई का सामान और दो ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई
जिलाधिकारी ने रागिनी को अपने हाथों से किताबें और पढ़ाई के लिए जरूरी अन्य सामग्री दी। स्कूल आने-जाने में होने वाली परेशानी को देखते हुए प्रशासन की ओर से उसे दो ट्राइसाइकिल भी उपलब्ध कराई गईं। इससे रागिनी के लिए विद्यालय तक पहुंचना आसान होने की उम्मीद है। इस दौरान डीएम ने परिवार के लिए शौचालय निर्माण की स्वीकृत धनराशि की जानकारी भी परिजनों को दी।
Also Read: जौनपुर में बारिश बनी आफत, चप्पल हाथ में लेकर स्कूल पहुंचे बच्चे!
इलाज और शिक्षा में हरसंभव मदद का भरोसा
जिलाधिकारी ने रागिनी के परिवार को भरोसा दिलाया कि उसकी पढ़ाई किसी भी परिस्थिति में प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से मिलने वाली सभी पात्र सुविधाएं और जरूरी सहायता बच्ची तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही रागिनी की मेडिकल जांच कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि उसकी स्वास्थ्य संबंधी स्थिति का उचित आकलन कर आगे आवश्यक मदद उपलब्ध कराई जा सके।
देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.


















































