Banda: आसमान से बरस रही आफत ने बबेरू क्षेत्र में दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। बुधवार रात मूसलाधार बारिश के बीच अलग-अलग गांवों में कच्चे मकान भरभराकर गिर गए। दोनों हादसों में मलबे के नीचे दबकर दो बुजुर्ग महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं एक भैंस भी मलबे में दबकर मर गई।
जानिए क्या है पूरा मामला?
पहला हादसा सिमौनी गांव में रात करीब तीन बजे हुआ। रामरतन की 67 वर्षीय पत्नी प्यारी देवी घर में अपनी बहुओं के साथ थीं। इसी दौरान पड़ोसी की दीवार तेज बारिश के बीच अचानक ढह गई और उसकी चपेट में प्यारी देवी का मकान भी आ गया। देखते ही देखते वह मलबे में दब गईं। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़े और कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला, लेकिन सीएचसी में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दूसरा हादसा मरका क्षेत्र के कन्हैया डेरा में रात करीब दो बजे हुआ। रामखेलावन की 60 वर्षीय पत्नी महदेइया घर में सो रही थीं। लगातार बारिश और सीलन के चलते कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। महदेइया मलबे में दब गईं। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से उन्हें बाहर निकाला, लेकिन उनकी भी जान नहीं बच सकी। हादसे में एक भैंस की भी मौत हो गई।
ALSO READ: Mathura: महापंचायत कर सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाने का लिया संकल्प
बारिश ने बढ़ाई गरीबों की मुसीबत
क्षेत्र में करीब एक सप्ताह से लगातार बारिश का दौर जारी है। दर्जनों कच्चे मकान बारिश की मार से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। लगातार हो रही बारिश से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और गरीब परिवारों के सामने सिर छिपाने का संकट खड़ा हो गया है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































