बाराबंकी में भारी बारिश में नगर निकाय अलर्ट, जलभराव पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश, OTS से बकायेदारों को राहत दिलाएंगे अधिकारी

बाराबंकी: कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में गुरुवार को जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में नगर विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारी बारिश, जलभराव, स्वच्छता, जनस्वास्थ्य व्यवस्था और एकमुश्त समाधान योजना (OTS) की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश के दौरान सभी नगर निकाय पूरी तरह अलर्ट मोड में रहें और किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करें।

डीएम ने सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों से उनके क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में कहीं भी स्थायी जलभराव नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा पंप सहित जल निकासी के सभी आवश्यक संसाधन तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ते ही तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कर लोगों को राहत दी जाए।

ALSO READ: बाराबंकी में जलस्तर फिर बढ़ा, लाल निशान से 13 सेमी ऊपर तराई गांवों में बढ़ी बाढ़ की चिंता

जिलाधिकारी ने आईजीआरएस के माध्यम से जलभराव से संबंधित प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत का तत्काल संज्ञान लेकर त्वरित एवं संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बारिश के दौरान स्वच्छता एवं जनस्वास्थ्य व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। सभी वार्डों में नियमित सफाई, नालों और नालियों की सफाई तथा कूड़ा उठान सुनिश्चित करने को कहा गया। मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए नियमित फॉगिंग और आवश्यकतानुसार कीटनाशकों का छिड़काव कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में OTS योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र बकायेदार करदाताओं तक पहुंचाया जाए। इसके लिए सभी नगरीय निकायों में वार्डवार टीमें गठित कर प्रत्येक बकायेदार को नोटिस उपलब्ध कराया जाए। नोटिस में कुल बकाये के साथ OTS के तहत मिलने वाली छूट एवं लाभ की धनराशि स्पष्ट रूप से दर्ज की जाए, ताकि करदाता को भुगतान की वास्तविक देय राशि की जानकारी मिल सके। बड़े और पुराने बकायेदारों से विशेष संपर्क कर निर्धारित समयसीमा में बकाया कर जमा कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)