UP: गोंडा में मुख्य विकास अधिकारी ने विकास भवन परिसर में स्थित विभिन्न शासकीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मत्स्य, पशुपालन, ग्रामीण अभियंत्रण, पंचायती राज, पंचायत स्थानीय, जल जीवन मिशन, भूमि संरक्षण, समाज कल्याण, कार्यक्रम, अल्पसंख्यक विभाग सहित जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी और परियोजना अधिकारी डूडा के कार्यालयों का जायजा लिया गया।
छह कर्मचारी मिले अनुपस्थित
निरीक्षण के दौरान कुल छह कर्मचारी गैरहाजिर पाए गए। इसके अलावा परियोजना अधिकारी डूडा कार्यालय के सभी कर्मचारी भी अनुपस्थित मिले। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचने तथा कार्यालयीन अनुशासन का पालन करने के निर्देश दिए।
Also Read: छात्रहितों को लेकर परिषद का विकास भवन पर प्रदर्शन, सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन
साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था पर नाराजगी
मुख्य विकास अधिकारी ने विकास भवन के विभिन्न कार्यालयों और शौचालयों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। गैलरी में प्रकाश व्यवस्था भी अपेक्षा के अनुरूप नहीं थी। जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय के समीप बरामदे में पुरानी और जर्जर अलमारी रखी मिली, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
शौचालयों और परिसर की नियमित सफाई के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को विकास भवन के सभी शौचालयों समेत पूरे परिसर की नियमित और प्रभावी साफ-सफाई कराने को कहा। उन्होंने बरामदे में रखी पुरानी व अनावश्यक अलमारियों को हटाकर संबंधित कक्षों में व्यवस्थित कराने के निर्देश दिए, ताकि परिसर में बेकार सामान जमा न हो और कार्यालय का वातावरण बेहतर बना रहे।
Also Read: UP: थाने की जमीन पर बनेगा उत्सव भवन और आधुनिक पार्क, 2.40 करोड़ से होगा विकास
कार्यालयों के सामने व्यवस्थाएं दुरुस्त करने पर जोर
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों के सामने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास भवन में आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन को बेहतर एवं व्यवस्थित कार्य वातावरण मिलना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समयबद्ध उपस्थिति, अनुशासन और स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































