चंदौली: बहादुरपुर में पूर्व में थाना निर्माण के लिए प्रस्तावित खलिहान की भूमि अब जनहित के उपयोग में लाई जाएगी. प्रशासन और नगर पालिका की टीम ने सोमवार को प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया. निरीक्षण के बाद यहां उत्सव भवन के साथ आधुनिक पार्क और खेल मैदान विकसित करने की योजना बनाई गई है. पूरी परियोजना पर करीब 2.40 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है.
उत्सव भवन से ग्रामीणों को मिलेगा लाभ
विधायक प्रतिनिधि संजय पासवान ने बताया कि उत्सव भवन के निर्माण पर करीब 1.24 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. भवन बनने के बाद बहादुरपुर, मढ़िया, कुंडा, बसौढ़ी और रामपुर समेत आसपास के गांवों के लोगों को शादी-विवाह और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के लिए सुविधा मिलेगी.
उन्होंने बताया कि गरीब परिवारों को महंगे मैरिज लॉन किराए पर लेने पड़ते हैं, जिनका खर्च करीब डेढ़ से दो लाख रुपये तक पहुंच जाता है. उत्सव भवन में करीब 30 से 35 हजार रुपये में कार्यक्रम आयोजित करने की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है.
98 लाख रुपये से बनेगा बीडी पार्क
परियोजना के तहत शेष भूमि पर करीब 95 से 98 लाख रुपये की लागत से बीडी पार्क और खेल मैदान विकसित किया जाएगा. पार्क में बच्चों के लिए झूले और खेल उपकरण लगाए जाएंगे. युवाओं और वयस्कों के लिए ओपन जिम के साथ बास्केटबॉल और बैडमिंटन कोर्ट बनाने की योजना है.
वॉकवे और पौधरोपण से संवरेगा परिसर
पार्क में सुबह-शाम टहलने के लिए इंटरलॉकिंग टाइल्स से वॉकवे और रैंप बनाए जाएंगे. सुरक्षा के लिए गार्ड रूम भी बनाया जाएगा. परिसर को हरा-भरा और आकर्षक बनाने के लिए पौधरोपण कराया जाएगा.
Also Read: कट सही या जांच में चूक? TTE ने युवक को GRP थाने पहुंचाया, हुआ बवाल
सीमांकन के बाद तय होगा पार्क का दायरा
राजस्व विभाग की ओर से खलिहान की भूमि का सीमांकन कराया जा रहा है. सीमांकन पूरा होने के बाद उपलब्ध भूमि के आधार पर पार्क और खेल मैदान का अंतिम दायरा निर्धारित किया जाएगा.
संजय पासवान ने बताया कि इस भूमि पर पूर्व में थाना या पुलिस चौकी बनाए जाने की मांग की गई थी. उनका कहना है कि करीब आठ किलोमीटर की दूरी पर थाना पहले से मौजूद है, इसलिए भूमि का उपयोग उत्सव भवन और पार्क के रूप में होने से क्षेत्र की जनता को अधिक लाभ मिलेगा.
निरीक्षण के दौरान एसडीएम राजेश कुमार वर्मा, तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव, लेखपाल सुजीत कुमार और विधायक प्रतिनिधि संजय पासवान समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































