UP: मिसरौली मार्केट में चार दुकानों के ताले तोड़कर चोरी, नकदी-सामान समेत करीब 30 हजार का माल पार

अमेठी: संग्रामपुर थाना क्षेत्र के मिसरौली मार्केट में चोरों ने एक ही रात में चार दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शुक्रवार सुबह दुकानदारों को घटना की जानकारी हुई तो मार्केट में हड़कंप मच गया। सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर दुकानदारों से चोरी हुए सामान की जानकारी ली।

दुकानदार राम पियारे पुत्र राम लखन निवासी ठेंगहा ने बताया कि चोर उनकी दुकान का ताला तोड़कर करीब 2,500 रुपये नकद तथा लगभग 1,000 रुपये कीमत का गुटखा, सिगरेट और अन्य सामान उठा ले गए।

Also Read: छात्रहितों को लेकर परिषद का विकास भवन पर प्रदर्शन, सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन

वहीं कृष्ण कुमार उर्फ पप्पू पुत्र लालमनी निवासी चक्रधरपुर की दुकान से करीब 2,000 रुपये नकद चोरी होने की बात सामने आई है। कपिल यादव ने बताया कि उनकी दुकान से सुपारी और करीब 50 रुपये नकद चोरी हुए हैं।

इसके अलावा गुलाब सिंह पुत्र ज्वाला सिंह निवासी करनाईपुर की दुकान से ग्राहक की मरम्मत के लिए रखी दो पुरानी साइकिलों के साथ टायर-ट्यूब समेत करीब 5,000 रुपये का सामान चोरी होने की जानकारी दी गई है। दुकानदारों के अनुसार, चारों दुकानों से कुल मिलाकर करीब 30 हजार रुपये का सामान और नकदी चोरी हुई है।

एक ही रात में चार दुकानों में चोरी की घटना से स्थानीय दुकानदारों में दहशत का माहौल है। दुकानदारों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।

Also Read: Fatehpur: पत्नी से विवाद में ससुराल पहुंचा पवन, सोते समय पांच पर बांका से किए ताबड़तोड़ वार

बताया जा रहा है कि 28 जुलाई को भी मिसरौली मार्केट में करीब 100 मीटर की दूरी पर चोरी की घटना हुई थी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से दुकानदारों की चिंता बढ़ गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)