रायबरेली: 11 सितंबर से होगा भव्य महाशिवपुराण कथा का आयोजन, हेलिकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा, CM योगी समेत दिग्गजों को न्योता

रायबरेली: ऊंचाहार में आस्था और भक्ति का एक ऐतिहासिक समागम होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय ने अपने आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि विश्व विख्यात कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा (सीहोर वाले) के मुखारविंद से महाशिवपुराण कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कथा 11 सितंबर से 17 सितंबर तक ऊंचाहार टोल प्लाजा (चढ़रई) के पास आयोजित होगी। इसमें प्रतिदिन 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।

​100 एकड़ में भव्य वाटरप्रूफ पंडाल, चिकित्सा व पेयजल के पुख्ता इंतजाम

​मंत्री मनोज पांडेय ने बताया कि श्रद्धालुओं की विशाल संख्या को देखते हुए करीब 100 एकड़ के परिसर में वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए स्थल पर चिकित्सा सेवा, स्वच्छ पेयजल और शौचालय जैसी सभी जरूरी बुनियादी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

Also Read: Ballia: सपा-कांग्रेस पर बरसे पूर्व मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला, बोले- ‘कालनेमि जैसा बनावटी चेहरा करेंगे बेनकाब, 2027 में जीत तय’

10 सितंबर को भव्य कलश यात्रा, हाथी-घोड़े और ऊंट रहेंगे आकर्षण का केंद्र

​मुख्य कथा से एक दिन पूर्व, 10 सितंबर को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। पावन गोकना घाट से पवित्र जल लेकर 10 हजार से अधिक महिलाएं व बहनें सिर पर कलश धारण कर कथा स्थल तक यात्रा करेंगी। यह शोभायात्रा रामचंद्रपुर रेलवे क्रॉसिंग से होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेगी। इस यात्रा में हाथी, घोड़े और ऊंट भी शामिल रहेंगे, जो इसे अलौकिक रूप प्रदान करेंगे।

​पुष्पक विमान की तर्ज पर हेलिकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा

​कलश यात्रा के स्वागत के लिए विशेष तैयारी की गई है। मंत्री मनोज पांडेय के अनुसार, जिस प्रकार भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन पर पुष्पक विमान से पुष्पवर्षा की गई थी, उसी परंपरा का निर्वहन करते हुए हेलिकॉप्टर के माध्यम से कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं और महिलाओं पर पुष्पवर्षा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Also Read: लखनऊ यूनिवर्सिटी: लाल बारादरी मस्जिद पर हंगामा, बजरंग दल की एंट्री, छात्रों ने किया हनुमान चालीसा का पाठ

​मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्रियों को न्योता

​11 से 17 सितंबर तक दोपहर 1 बजे से आयोजित होने वाली इस कथा में कई दिग्गज हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन समिति ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्र सरकार के कई मंत्रियों, भाजपा के राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों, न्यायाधीशों और समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)