Ballia: उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री और बलिया सदर के पूर्व विधायक आनंद स्वरूप शुक्ला ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा सियासी हमला बोला है। उन्होंने विपक्षी दलों की तुलना रामायण काल के ‘कालनेमि’ से करते हुए कहा कि उनके समाज विरोधी कार्यक्रमों और बनावटी चेहरों को जनता के बीच बेनकाब किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि साल 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा बलिया जिले की सभी सातों सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
जानिए मामले से जुड़ी पूरी जानकारी
बलिया में आयोजित पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए आनंद स्वरूप शुक्ला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपनी विशिष्ट कार्यपद्धति के दम पर ही आज देश की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। उन्होंने कहा, “केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्यकर्ता जुटे हैं। 2027 में भाजपा की फिर से पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी और बलिया की सभी सातों सीटों पर कमल खिलेगा।” 2022 के विधानसभा चुनाव में बैरिया से मिली हार और अब दोबारा बलिया सदर में सक्रियता को लेकर पूछे गए सवाल पर पूर्व मंत्री ने कहा कि भाजपा में व्यक्ति नहीं, संगठन और राष्ट्र सर्वोपरि होता है। उन्होंने कहा, “हम भाजपा के अनुशासित कार्यकर्ता हैं। हमारे लिए पहले राष्ट्र, फिर पार्टी और उसके बाद हम खुद आते हैं। मेरा संकल्प है कि बलिया नगर सहित जिले की हर सीट पर भाजपा का परचम लहराए।”
ALSO READ: Saharanpur: शायद उन्हें अभी भी रसगुल्ला दिखाई दे रहा है’ जयंत चौधरी का विपक्ष पर तंज
सदर सीट पर पिछले कार्यकाल के दौरान विकास कार्य न होने के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए शुक्ला ने कहा कि 2017 से 2022 तक विधायक और मंत्री रहते हुए उन्होंने प्राण-पण से बलिया नगर क्षेत्र की सेवा की है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी के अंत्योदय के विचारों से प्रेरणा लेकर सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि आगामी समय में भी जनता की भावनाओं के अनुरूप ही विकास के सभी अपेक्षित काम पूरे किए जाएंगे। सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कथित फेक वीडियो प्रसारित किए जाने के मामले पर पूर्व मंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने इसकी घोर निंदा करते हुए विपक्ष पर तंज कसा और कहा, “जिनके खुद के घर शीशे के होते हैं, उन्हें दूसरों के घरों पर पत्थर नहीं फेंकना चाहिए।”
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































