UP: 9 सितंबर से शुरू होगा राष्ट्रीय पोषण माह, ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ होगी थीम

हाथरस: जिले में 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक नवां राष्ट्रीय पोषण माह मनाया जाएगा। पोषण अभियान के तहत आयोजित होने वाले इस विशेष अभियान की अवधारणा “हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” रखी गई है।जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेन्द्र उपाध्याय ने बताया कि पोषण अभियान एक बहुविभागीय कन्वर्जेंस अभियान है, जिसका उद्देश्य प्रधानमंत्री के सुपोषित भारत और कुपोषण मुक्त भारत के विजन को आगे बढ़ाना है।

इस बार राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान पांच प्रमुख थीम पर विशेष फोकस रहेगा। इनमें आहार विविधता और पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बाल विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत नगद हस्तांतरण शामिल हैं।पूरे पोषण माह के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर दिवसवार गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों की जानकारी भारत सरकार द्वारा विकसित जन आंदोलन पोर्टल पर भी दर्ज की जाएगी।

ALSO READ: Varanasi: प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने से था नाराज, गला दबाकर की हत्या, एनकाउंटर में हुआ अरेस्ट

खास बात यह है कि नवां राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ 9 सितंबर 2026 को वाराणसी से किया जाएगा।अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी, सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित दैनिक गतिविधियों को आंगनबाड़ी केंद्रों पर प्रभावी ढंग से कराया जाए और उनकी पोर्टल पर फीडिंग भी सुनिश्चित की जाए।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सिर्फ सरकारी स्तर पर गतिविधियां कराना नहीं, बल्कि पोषण को जन-जन का विषय बनाते हुए सामुदायिक भागीदारी बढ़ाना और आंगनबाड़ी केंद्रों के प्रति लोगों की जिम्मेदारी एवं जवाबदेही को मजबूत करना है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)