बलिया: विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति (दृष्टि) की बैठक एमएलसी रविशंकर सिंह ‘पप्पू भैया’ की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के विकास और जनकल्याणकारी कार्यों की तीखी समीक्षा हुई। अध्यक्ष ने अफसरों को सख्त लहजे में चेताया कि जनता से जुड़ी योजनाओं में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं होगी।
जिले के 76 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 268 रविवारों से संचालित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले की प्रगति जांची गई। बाढ़ प्रभावित गांवों में जलस्तर घटने पर जलजनित बीमारियों के खतरे को देखते हुए 15 से 30 दिनों तक विशेष स्वास्थ्य मेले लगाने और राहत शिविरों में मेडिकल टीमें तैनात करने के निर्देश सीएमओ को मिले। सीएचसी खेजुरी में गंदगी और बाहर की दवाएं लिखे जाने की शिकायत पर अध्यक्ष ने भारी नाराजगी जताते हुए अस्पताल की रंगाई-पुताई कराने और ऐसी मनमानी पर तुरंत रोक लगाने को कहा।
मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 2025-26 के 5,025 आवासों में 4,976 पूरे हो चुके हैं, जबकि 2026-27 के लिए 1,145 का लक्ष्य मिला है। बैरिया तहसील के बाढ़ पीड़ितों का सर्वे कराकर आवास देने के निर्देश दिए गए। पशु चिकित्सा विभाग को बाढ़ क्षेत्रों में टीकाकरण, चारा व भूसा प्रबंधन चुस्त रखने तथा बकरी व मुर्गी पालन का प्रचार करने को कहा गया। सिंचाई विभाग को नहरों की सफाई सूची जनप्रतिनिधियों को सौंपने तथा बाढ़ खंड को सिकंदरपुर व बैरिया में कटान रोकने की ठोस परियोजना बनाने का आदेश मिला।
मनमाने और गलत बिजली बिलों पर अफसरों को लताड़ते हुए सही मीटर रीडिंग पर ही बिल भेजने के निर्देश दिए गए, साथ ही बिजली चोरी पर विधिक कार्रवाई को कहा गया। वन विभाग द्वारा रोपे गए 45.36 लाख पौधों के वास्तविक सर्वाइवल रेट की रिपोर्ट अगली बैठक में तलब की गई है।
15वें वित्त आयोग में 201 डिजिटल लाइब्रेरी का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण पाया गया। अंत्येष्टि स्थलों के 20 में 15 और बहुउद्देशीय भवनों के 5 में 4 कार्य पूरे हैं। राज्य वित्त के 46.3 करोड़ में से 42.41 करोड़ खर्च हुए। जल निगम को सावरा चौकी की बंद टंकी ठीक करने और पाइपलाइन कार्य जल्द निपटाने को कहा गया। बैठक में विधायक संग्राम सिंह, जय प्रकाश अंचल, सीडीओ आलोक कुमार समेत समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



















































