Home UP News UP: सरयू घाट हादसा: दो नाबालिग बहनों की मौत पर पीड़ित परिवार...

UP: सरयू घाट हादसा: दो नाबालिग बहनों की मौत पर पीड़ित परिवार को 24 घंटे में मिली 8 लाख की राहत सहायता

गोण्डा: जनपद गोण्डा के तहसील करनैलगंज अंतर्गत ग्राम भौरीगंज स्थित सरयू घाट पर दो नाबालिग सगी बहनों की डूबने से हुई दर्दनाक मौत के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को कुल 8 लाख रुपये की राहत सहायता उपलब्ध कराई है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर घटना के 24 घंटे के भीतर सहायता राशि परिवार तक पहुंचा दी गई।जानकारी के अनुसार, 06 सितम्बर 2026 को सरयू घाट पर डूबने से सुप्रिया (15 वर्ष) और उसकी छोटी बहन सुहानी (13 वर्ष), दोनों पुत्रियां अरुण कुमार तिवारी निवासी राजापुर (बड्डू पुरवा), की मृत्यु हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

ALSO READ: UP: मुजफ्फरनगर में विवाहिता हत्याकांड में बड़ा फैसला, दोषी पति को फांसी, एक लाख रुपये जुर्माना भी

जिलाधिकारी गोण्डा के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से संपर्क स्थापित कर शासन द्वारा अनुमन्य राहत सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया। दैवीय आपदा एवं दुर्घटना से प्रभावित परिवारों के लिए निर्धारित राहत प्रावधानों के तहत दोनों मृतक बालिकाओं के परिवार को कुल 8 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आपदा अथवा दुर्घटना से प्रभावित परिवारों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से राहत सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।प्रशासन ने आमजन से नदी और घाटों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि बच्चों को नदियों एवं जलाशयों के आसपास अकेले न जाने दिया जाए।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)