जौनपुर: नेवढ़िया थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव में एक अगस्त को हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल रमेश गौतम की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजन शव लेकर नेवढ़िया थाने पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा बढ़ाने के साथ तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
परिजनों का कहना था कि मारपीट के मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। पुलिस ने परिजनों को समझाते हुए कहा कि पहले शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से नाराज परिजन और ग्रामीण शव लेकर जौनपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय जाने के लिए रवाना हो गए।
परिजनों का आरोप है कि बनेवरा गांव के पास पहुंचते ही नेवढ़िया पुलिस ने उनके वाहन के आगे अपना वाहन खड़ा कर दिया और उन्हें कई घंटे तक आगे जाने से रोक दिया। इससे सड़क पर जाम की स्थिति बन गई और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना पर मड़ियाहूं सीओ विजय चौधरी समेत अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन शांत हुए, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।



















































