UP: घर के बाहर खेलते-खेलते गायब हुआ 2 वर्षीय अनस, 22 घंटे बाद तालाब से मिला शव

अमेठी: कोतवाली अमेठी क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 स्थित कटरा राजा हिम्मत सिंह के समदिया मोहल्ले में सोमवार सुबह घर के सामने खेलते समय लापता हुए दो वर्षीय अनस का शव मंगलवार को तालाब से बरामद हुआ। करीब 22 घंटे तक चले सघन तलाशी अभियान के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तालाब से मासूम का शव निकाला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है।

विंध्याचल निवासी अनस पुत्र मुजीद करीब एक सप्ताह पहले अपनी मां के साथ ननिहाल आया था। सोमवार सुबह करीब नौ बजे वह घर के बाहर खेल रहा था। कुछ देर बाद परिजनों की नजर पड़ी तो अनस गायब था। परिजनों ने मोहल्ले और आसपास काफी तलाश की। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला।

ALSO READ: UP: मुजफ्फरनगर में विवाहिता हत्याकांड में बड़ा फैसला, दोषी पति को फांसी, एक लाख रुपये जुर्माना भी

घर के पास तालाब और कुआं होने के कारण परिजनों ने बच्चे के पानी में गिरने की आशंका जताई। स्थानीय गोताखोरों से तालाब में तलाश कराई गई। सफलता नहीं मिलने पर अयोध्या से एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई। तालाब में अधिक दलदल होने के कारण नाव नहीं चल सकी, जिसके बाद टीम ने अन्य संसाधनों और गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की।

ALSO READ: Varanasi: प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने से था नाराज, गला दबाकर की हत्या, एनकाउंटर में हुआ अरेस्ट

करीब 22 घंटे की मशक्कत के बाद मंगलवार को अनस का शव तालाब से बरामद कर लिया गया। सूचना पर पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने डॉग और स्वाट टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया था और परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिया था।

प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि बच्चे की गुमशुदगी दर्ज कर लगातार तलाश की जा रही थी। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)