UP: आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़कर 12 हजार, सहायिकाओं को मिलेंगे 6 हजार रुपये

UP: गोंडा जिला पंचायत सभागार में मंगलवार को बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। जिले की सभी तहसील मुख्यालयों पर भी कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रतिमाह तथा आंगनबाड़ी सहायिकाओं का मानदेय 6 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की घोषणा की। घोषणा के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद कार्यकत्रियों और सहायिकाओं में खुशी की लहर दौड़ गई। उन्होंने इसे सरकार की सराहनीय पहल बताते हुए स्वागत किया।

अधिकारियों ने कहा कि बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कुपोषण की रोकथाम के लिए बच्चों का नियमित वजन, कुपोषित बच्चों की पहचान एवं निगरानी और पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

Also Read: UP: 9 सितंबर से शुरू होगा राष्ट्रीय पोषण माह, ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ होगी थीम

इस अवसर पर पोषण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं कुपोषित से सामान्य श्रेणी में आए बच्चों एवं माताओं को भी सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से जिले में कुपोषण के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाया जा सकता है।

जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, कैसरगंज सांसद प्रतिनिधि संजीव सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी एसपी सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी गौरव मिश्रा, सीडीपीओ आनंद प्रकाश श्रीवास्तव व नीतू रावत समेत विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, सुपरवाइजर तथा बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)