UP: गाजीपुर में आज उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। भाजपा संगठन मंत्री विनोद तावड़े को अखिलेश यादव द्वारा PAGAL कहे जाने के सवाल पर राजभर ने पलटवार करते हुए कहा कि अखिलेश यादव खुद पागल हो गए हैं और जिस राजनीतिक ट्रैक पर चल रहे थे, उससे उतर चुके हैं।
मंगलवार को गाजीपुर में आंगनबाड़ी महिला कार्यकर्ताओं के बढ़े हुए मानदेय को लेकर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे ओमप्रकाश राजभर ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी की नीतियों पर जमकर निशाना साधा।
राजभर ने अखिलेश यादव के पीडीए फार्मूले पर तंज कसते हुए कहा कि पहले वे एक्सप्रेस वे पर चले, फिर टू लेन पर आए, उसके बाद सिंगल लेन पकड़ ली और अब पगडंडी पकड़ने जा रहे हैं, यानि वो अपना ट्रैक खुद ही बदलते जा रहे हैं। उन्होंने अपने अंदाज में पीडीए की नई परिभाषा बताते हुए कहा कि पी यानी पहले 2017 में हारे, डी यानी दोबारा 2022 में हारे और ए यानी अबकी बार 2027 में फिर हारेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव अपने ही यादव समाज और कार्यकर्ताओं के साथ भेदभाव करते हैं। राजभर ने कहा कि आजमगढ़ में सपा के विधायक और कार्यकर्ता आपस में ही भिड़ रहे हैं, जिससे पार्टी के अंदर की स्थिति साफ दिखाई देती है। उन्होंने दावा किया कि अखिलेश यादव अपने 60 प्रतिशत यादव मतदाताओं के साथ भी भेदभाव कर रहे हैं। सपा सरकार के कार्यकाल पर हमला बोलते हुए राजभर ने कहा कि उस समय बाल पुष्टाहार तक की व्यवस्था सवालों के घेरे में थी।



















































