बहराइच में हमलावर लंगूर का आतंक, चाट की दुकान पर मचाया उत्पात, अब तक कई लोग घायल

बहराइच: जिले के रिसीया कस्बे में एक हमलावर लंगूर ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मंगलवार को लंगूर अचानक एक चाट की दुकान पर पहुंच गया और दुकान के ठेले पर बैठकर जमकर उत्पात मचाया। लंगूर को देखकर दुकान पर मौजूद ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे, जबकि दुकानदार भी दुकान छोड़कर मौके से भाग गया।

लंगूर ने चाट के ठेले पर रखे सामान को तहस-नहस कर दिया और काफी देर तक वहीं बैठकर चाट खाता रहा। बताया जा रहा है कि हमलावर लंगूर के हमले से अब तक करीब दो दर्जन लोग घायल हो चुके हैं। इनमें वन विभाग का एक कर्मचारी भी शामिल है। लगातार हो रहे हमलों से कस्बे के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Also Read: UP में मौसम का बदला मिजाज, बढ़ने लगी मौसमी बीमारियां, बच्चे-बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित

इंदिरा नगर निवासी संजय कुमार उर्फ सीताराम की चाट की दुकान कस्बे में काफी चर्चित है। मंगलवार दोपहर दुकान पर रोज की तरह ग्राहक चाट खाने पहुंचे थे। इसी दौरान हमलावर लंगूर अचानक दुकान के ठेले पर आकर बैठ गया। लंगूर को देखते ही ग्राहकों और दुकानदार में डर का माहौल बन गया और लोग दुकान छोड़कर भागने लगे। लंगूर ने काफी देर तक ठेले पर बैठकर चाट खाई और दुकान पर रखा सामान बिखेर दिया। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी मची रही।

Also Read: UP: आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़कर 12 हजार, सहायिकाओं को मिलेंगे 6 हजार रुपये

वनकर्मी पर भी कर चुका है हमला

लंगूर के लगातार बढ़ते आतंक की सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वनकर्मी राम सागर और रामनाथ की टीम मौके पर पहुंची और लंगूर को वहां से भगाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद वनकर्मियों ने लंगूर को मौके से खदेड़ा, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी लंगूर ने वनकर्मी असगर पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। लगातार हमलों के कारण लोगों में लंगूर को लेकर भारी डर और गुस्सा बना हुआ है।

बुधवार को आएगी विशेषज्ञ टीम, लंगूर को पकड़ने की तैयारी

लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए वन विभाग ने अब लंगूर को पकड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। बीट प्रभारी शिवम पाण्डेय ने बताया कि बुधवार को लंगूर को पकड़ने के लिए विशेषज्ञ टीम पहुंचेगी। टीम द्वारा लंगूर को पकड़कर रेस्क्यू किए जाने की तैयारी है।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं