UP: जयपट्टी में सड़क पर गहरा गड्ढा, जगह-जगह अतिक्रमण और पुल-पुलियों पर रेलिंग का अभाव

मीरजापुर: जिले के विकास खंड जमालपुर को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाले प्रमुख रानीबाग-जमालपुर वाया जयपट्टी मार्ग की बदहाली से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शासन द्वारा करीब दो-ढाई वर्ष पूर्व इस मार्ग को सिंगल लेन से डबल लेन बनाया गया था, लेकिन देखरेख के अभाव में सड़क की हालत खराब होती जा रही है।

जयपट्टी में ग्रामीणों द्वारा गलियों का पानी निकालने के लिए सड़क पर गहरा गड्ढा खोद दिए जाने से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है।वहीं कुछ लोगों द्वारा सड़क किनारे गोबर के गड्ढे बनाकर गोबर रखा जा रहा है, जिससे मार्ग पर अतिक्रमण की स्थिति बनी हुई है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क की चौड़ाई बढ़ा दी गई, लेकिन मार्ग में पड़ने वाले कई पुल-पुलियों की चौड़ाई नहीं बढ़ाई गई और न ही पर्याप्त रेलिंग लगाई गई।इन समस्याओं के कारण वाहन चालक इस महत्वपूर्ण मार्ग पर आवागमन करने से कतराने लगे हैं और दूसरे रास्तों का सहारा ले रहे हैं।

Also Read: ‘सेजिया पे लोटे काला नाग, कचौड़ी गली सून कइला बलमु…’, कोक स्टूडियो के ‘कचौड़ी गली’ ने जगाई बनारस की लोक-संगीत विरासत

ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय लापरवाही के साथ ही स्थानीय स्तर पर सड़क को क्षतिग्रस्त करने और अतिक्रमण किए जाने से डबल लेन सड़क का उद्देश्य ही प्रभावित हो रहा है।अब इस मार्ग पर मुख्य रूप से आसपास के गांवों के लोग ही आवागमन कर रहे हैं, जबकि बाहरी वाहन चालक दूसरे मार्ग को अधिक सुरक्षित मान रहे हैं।

अन्नदाता मंच के संयोजक चौधरी रमेश सिंह ने कहा कि सड़क पर पानी बहाने,गोबर रखने और अन्य अतिक्रमण को तत्काल हटाकर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।उन्होंने ग्राम पंचायत से लेकर क्षेत्र पंचायत,जिला पंचायत सहित सांसद,विधायक और सड़क विभाग से अपनी-अपनी जिम्मेदारी तय कर रानीबाग-जमालपुर मार्ग पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित कराने की मांग की है।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं