UP: सहारनपुर में मिलावटी और मानकविहीन खाद्य पदार्थों की बिक्री पर शिकंजा कसने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में अभियान चलाकर दो स्थानों पर छापेमारी की। जिलाधिकारी के निर्देश और सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय के निर्देशन में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने बड़गांव और बेहट अड्डे पर फास्ट फूड व सॉस विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
बड़गांव में सॉस की बोतलें सीज
कार्रवाई के दौरान टीम सबसे पहले बड़गांव के महाराणा प्रताप चौक स्थित सुनील फास्ट फूड कॉर्नर पहुंची। जांच के दौरान प्रतिष्ठान से वेजिटेबल सॉस और चिली सॉस के नमूने लिए गए। इसके साथ ही वेजिटेबल सॉस की 37 और चिली सॉस की 34 बोतलें सीज कर दी गईं। जब्त सामग्री को खाद्य कारोबारकर्ता की सुरक्षित अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
UP: जफराबाद बाजार में खाद्य विभाग की छापेमारी, कई दुकानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने
बेहट अड्डे पर बड़ी मात्रा में सॉस जब्त
इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मथुरा दास महादेव मंदिर के पास बेहट अड्डे पर राकेश कपूर की दुकान पर छापा मारा। यहां से वेज सोया सॉस, ग्रीन चिली सॉस और एक अन्य सॉस के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। टीम ने मौके से वेजिटेबल सोया सॉस की 1,224 बोतल, ग्रीन चिली सॉस की 36 बोतल और 60 गत्तों में रखी 540 बोतल सोया सॉस को सीज किया।
पांच नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे
विभाग की टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों से कुल पांच खाद्य पदार्थों के नमूने लिए हैं। इन सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत संबंधित कारोबारियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: UP: जौनपुर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, घर से 40 किलो दोहरा और 30 किलो सुपारी बरामद
मानकों से खिलवाड़ पर होगी सख्त कार्रवाई
सहायक आयुक्त खाद्य ने स्पष्ट किया कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। मानकों का उल्लंघन करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। छापेमारी टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुमन पाल, जगदंबा प्रसाद और बिपिन कुमार भी शामिल रहे।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































