जौनपुर: जफराबाद कस्बे में खाद्य पदार्थों में मिलावट की शिकायतों के बाद खाद्य विभाग की टीम ने सोमवार को विभिन्न दुकानों पर छापेमारी की। अचानक हुई कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया। टीम के पहुंचने की सूचना मिलते ही कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर वहां से निकल गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद यादव के नेतृत्व में टीम ने कस्बे की कई खाद्य एवं मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान शिवाला मंदिर स्थित अनरसा की दुकान से तेल का नमूना लिया गया। इसके अलावा प्रेम डेयरी से दूध और पनीर, एक मिष्ठान भंडार से जलेबी तथा गजोधर मिष्ठान भंडार से बेसन के लड्डू का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बाजार में कुछ डेयरी संचालकों द्वारा मिलावटी दूध, पनीर और खोवा की बिक्री की जा रही है। इसी तरह मिठाई की दुकानों पर भी मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री की शिकायतें विभाग को लगातार मिल रही थीं।
शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए खाद्य विभाग ने यह कार्रवाई की। अधिकारियों ने लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



















































