फतेहपु: बांदा यमुना पुल पर शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब 19 वर्षीय इंटरमीडिएट की छात्रा संगीता यादव अपने जूते-चप्पल और कथित सुसाइड नोट पुल पर छोड़कर उफनती यमुना नदी में कूद गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
छात्रा की पहचान संगीता यादव पुत्री शिवकुमार यादव, निवासी कठार गांव, थाना कमासिन, जनपद बांदा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संगीता इंटरमीडिएट की छात्रा थी। यमुना पुल पर छात्रा का सामान और कथित सुसाइड नोट मिलने के बाद लोगों के होश उड़ गए।
Also Read: हाथरस में 12 सितंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, सुलह-समझौते से होगा मामलों का निस्तारण
देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए बांदा और फतेहपुर जनपद की पुलिस छात्रा की तलाश में जुट गई है।
एसडीआरएफ को भी सूचना दे दी गई है, जिसके बाद यमुना नदी में छात्रा की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही छात्रा के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आखिर छात्रा ने इतना बड़ा और खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसका जवाब अब पुलिस को मिले कथित सुसाइड नोट और जांच से तलाशना होगा। यमुना की तेज धारा में कूदी छात्रा का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस और राहत टीमों का तलाश अभियान जारी है।



















































