मिर्जापुर में शौच कर लौट रहे साइकिल सवार छात्र सहित दो को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत, आक्रोशित लोगों ने किया हाई-वे जाम

मिर्जापुर: लालगंज थाना क्षेत्र के बामी गांव में सोमवार की सुबह वाराणसी-रीवा राष्ट्रीय मार्ग पर एक ट्रक ने 12 वर्षीय छात्र और 55 वर्षीय अधेड़ को कुचल दिया। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक ड्राइवर घटनास्थल से थोड़ी दूर ट्रक खड़ा कर फरार हो गया। मृतकों की पहचान 12 वर्षीय छात्र प्रियांशु और 55 वर्षीय शिवनाथ निवासी बामी के रूप में हुई है। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया, जिसे अधिकारियों ने समझा-बुझाकर हटवाया। तब पुलिस ने शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

लहंगपुर पुलिस चौकी अंतर्गत बामी गांव के छात्र प्रियांशु और शिवनाथ सुबह घर से शौच के लिए तुलसी नाला की तरफ गए थे। वहां से लौटते समय वे बामी में इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे। तभी अचानक एक अनियंत्रित ट्रक पटरी पर चढ़ गया और साइकिल सवार शिवनाथ व प्रियांशु को कुचलते हुए आगे बढ़ गया। पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने शोर मचाया तो ट्रक ड्राइवर घटनास्थल से करीब 200 मीटर आगे कर्बला के सामने ट्रक खड़ा कर भाग गया। घटना की सूचना मिलते ही स्वजन मौके पर पहुंच गए। इस हादसे में किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई। लहंगपुर चौकी प्रभारी गुरु प्रसाद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर हाइवे पर इकट्ठा भीड़ को नियंत्रित करते हुए शव कब्जे में लेना चाहें, तभी गुस्साए ग्रामीणों ने हाइवे पर जाम लगा दिया।

Also Read: UP: अपराधियों पर रायबरेली पुलिस का शिकंजा, एक ही दिन में 55 वारंटी गिरफ्तार

एक घंटे बाद खत्म हुआ जाम

मौके पर पहुंचे लालगंज एसडीएम अजीत कुमार और सीओ अमर बहादुर, तहसीलदार विशाल शर्मा व इंस्पेक्टर वेद प्रकाश पाण्डेय ने ग्रामीणों को समझाया। करीब एक घंटे बाद जाम खत्म हुआ और राष्ट्रीय मार्ग पर आवागमन फिर से चालू हो पाया। परिजनों ने बताया कि प्रियांशु अपने पिता बालमुकुंद का इकलौता बेटा था उसकी दो बहने हैं। वह अपने रिश्ते में लगने वाले बाबा शिवनाथ के साथ साइकिल से शौच के लिए घर से निकला था। शौच के बाद वापस लौटते समय हाइवे पर ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।

बता दें कि शिवनाथ को दो पुत्रियां 20 वर्षीया रेखा और 18 वर्षीया करिश्मा है परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडे ने बताया कि ट्रक से कुचलने के कारण एक बच्चे समेत दो लोगों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)