मथुरा: थाना मांट पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 जुआरियों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 13,450 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। यह कार्रवाई बिहारी इंडेन पेट्रोल पंप के पीछे खुले मैदान में की गई, जहां जुआरी लंबे समय से जुआ खेल रहे थे। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मांट राजा क्षेत्र में कुछ लोग खुले में ताश पर हार-जीत की बाजी लगा रहे हैं।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार ने अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर जुआरियों में भगदड़ मच गई, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को मौके पर ही धर दबोचा। पुलिस ने बताया कि यह स्थान संतोष पुत्र राममूर्ती निवासी मांट राजा के खेत के नीचे खुले स्थान पर है, जो पेट्रोल पंप से करीब 300 मीटर दूर है। यहां अक्सर जुआरी इकट्ठा होकर जुआ खेलते थे, जिससे स्थानीय लोगों में भी नाराजगी थी।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान संतोष पुत्र राममूर्ती निवासी मांट राजा उम्र करीब 50 वर्ष, राजकुमार पुत्र निरोत्तम सिंह निवासी नगला बिंदा थाना मांट उम्र 50 वर्ष, तीर्थराज पुत्र खजान सिंह निवासी मांट राजा उम्र 58 वर्ष, गोपाल पुत्र हुकुम सिंह निवासी मांट राजा उम्र 38 वर्ष, लाल सिंह पुत्र गिर्राज सिंह निवासी मांट राजा उम्र 49 वर्ष और छोटे पुत्र रामचरन निवासी मांट राजा उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है। सभी थाना मांट क्षेत्र के ही रहने वाले हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने जुआ खेलना स्वीकार किया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ थाना मांट में जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। बरामद रुपये और ताश के पत्तों को साक्ष्य के तौर पर कब्जे में लिया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में जुआ खेलने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अपराध और जुए पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार के साथ उप निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।



















































