UP: मथुरा में सर्राफा बाजार में करोड़ों की चोरी, 15 लाख कैश भी ले गए बदमाश

UP: मथुरा के कोसीकलां के मुख्य सर्राफा बाजार में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए चोरों ने अमित ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाया। 13-14 सितंबर की रात बदमाश छत का गेट तोड़कर दुकान में घुसे और तिजोरी और अलमारी में रखे करोड़ों रुपये कीमत के सोने के आभूषण व 15 लाख रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी साथ ले गए, ताकि उनकी पहचान न हो सके।

सोमवार सुबह जब दुकान स्वामी दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। छत का गेट टूटा हुआ था, तिजोरी और अलमारी खुली पड़ी थी और सारा सामान अस्त-व्यस्त था। देखते ही देखते खबर पूरे बाजार में फैल गई और मौके पर व्यापारियों की भीड़ जमा हो गई। सर्राफा बाजार में हड़कंप मच गया और व्यापारियों में आक्रोश फैल गया।

Also Read: UP: पति-पत्नी मिलकर चला रहे थे चोरी का गैंग, 20 लाख के जेवर-नकदी बरामद

व्यापारियों का कहना है कि जिस दुकान में चोरी हुई है, उससे महज 100 मीटर की दूरी पर पुलिस पिकेट तैनात रहती है। इसके बावजूद चोरों ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया और पुलिस को भनक तक नहीं लगी। व्यापारियों ने रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि अगर पिकेट के इतने नजदीक चोरी हो सकती है तो पूरे बाजार की सुरक्षा का क्या होगा।

सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण सुरेश चंद रावत, सीओ भूषण वर्मा और इंस्पेक्टर कमलेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दुकान का बारीकी से निरीक्षण किया। वारदात की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया। टीमों ने छत के टूटे हुए गेट, तिजोरी और आसपास के स्थानों से साक्ष्य जुटाए और फिंगर प्रिंट लिए।

Also Read: बांदा में चोरी का 12 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, गेहूं-चना समेत नकदी बरामद

पुलिस अब आसपास के प्रतिष्ठानों और बाजार के मुख्य रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों के आने-जाने का रास्ता पता चल सके। एसएसपी श्लोक कुमार के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए चार विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)