बहराइच: मंगलवार सुबह फर्राटा पंखे में उतरे करंट की चपेट में आने से एक ही परिवार के पिता और उनकी दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने किसी तरह बिजली का तार हटाकर तीनों को पंखे से अलग किया और आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी राज बहादुर (50) की बड़ी बेटी पायल (28) शादी के बाद सिद्धार्थनगर में रहती हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर वह मायके आई थीं। मंगलवार सुबह करीब सात बजे पूजा करने के बाद पायल घर में लगे फर्राटा पंखे के पास गईं। पंखे को छूते ही उसमें उतरे करंट की चपेट में आ गईं और पंखे से चिपक गईं।
बेटी को करंट लगा देखकर पिता राज बहादुर उसे बचाने के लिए दौड़े। उन्होंने पायल को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान वह भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए। घर में चीख-पुकार सुनकर उनकी 22 वर्षीय छोटी बेटी प्राची भी मौके पर पहुंची और पिता व बहन को बचाने का प्रयास करने लगी। इसी दौरान प्राची को भी करंट लग गया।
सावधानी से हटाया बिजली का तार
तीनों को करंट की चपेट में देख परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने सावधानी बरतते हुए किसी तरह बिजली का तार हटाया और तीनों घायलों को पंखे से अलग किया। इसके बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद तीनों लखनऊ रेफर
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में तीनों का प्राथमिक उपचार किया गया। डॉ. नितिन शुक्ला के अनुसार तीनों को उपचार दिया गया, लेकिन हालत में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर गंभीर स्थिति को देखते हुए पिता राज बहादुर और उनकी दोनों बेटियों पायल व प्राची को लखनऊ के बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। हादसे में किसी की मौत नहीं हुई है। पिता और दोनों बेटियां करंट लगने से घायल हैं और उनका उपचार चल रहा है।



















































