जौनपुर: सुइथाकला क्षेत्र के सरपतहां थाना अंतर्गत डेहरी गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर पति समेत सास-ससुर को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपितों को उनके घर से गिरफ्तार करने के बाद पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है।
बताया गया कि डेहरी गांव निवासी 30 वर्षीय रागिनी की बीती रात मौत हो गई थी। घटना की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर रागिनी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया।
मित्तूपुर-पूरादरियाव निवासी मृतका की मां दुर्गावती देवी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि करीब दो वर्ष पहले उनकी बेटी रागिनी की शादी डेहरी गांव निवासी प्रदीप कुमार के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी को परेशान करते थे।
तहरीर के आधार पर सरपतहां पुलिस ने पति प्रदीप कुमार, सास चमेला और ससुर रामचन्दर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया। थानाध्यक्ष रामाश्रय राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच और आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।



















































