UP: गंदे पानी में डूबा रास्ता, फिसलकर गिर रहे बच्चे, शिकायतों के बाद भी हालात जस के तस

चंदौली: नगर के अलीनगर वार्ड नंबर-9 में पिछले करीब तीन-चार वर्षों से जलजमाव की समस्या बनी हुई है। सड़क पर बारिश का पानी जमा होने के कारण स्थानीय लोगों के साथ स्कूली बच्चों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि जलभराव के बीच से गुजरते समय आए दिन बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं और चोटिल हो जाते हैं। कई बच्चे इस समस्या के कारण स्कूल जाने में भी परेशानी महसूस कर रहे हैं।

स्थानीय निवासी मीना देवी ने बताया कि सड़क पर काफी दिनों से पानी जमा है। बच्चों को स्कूल आने-जाने में दिक्कत होती है और कई बार वे पानी में गिर जाते हैं। उन्होंने मांग की कि सड़क का जल्द निर्माण कराया जाए, ताकि बच्चों और आम लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके।

Also Read: आज़म खान को बड़ा झटका! इनकम टैक्स विभाग ने मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट का 12AB रजिस्ट्रेशन रद्द किया

छात्रा स्विटी कुमारी ने बताया कि जलभराव के कारण कुछ महीनों से स्कूल जाने में परेशानी हो रही है। सड़क पर पानी भरा होने से बच्चे गिर रहे हैं। उन्होंने सड़क को जल्द ठीक कराने की मांग की।

स्थानीय निवासी रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि करीब तीन-चार साल से यह समस्या लगातार बनी हुई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि गंदे पानी से होकर लोगों को आवागमन करना पड़ता है। यह रास्ता मुख्य मार्ग से जुड़ा होने के कारण बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन भी इसी रास्ते से गुजरते हैं।

स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी और संबंधित विभाग से सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की व्यवस्था जल्द कराने की मांग की है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)