चंदौली: पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के चंदासी उपकेंद्र से निर्गत 11 केवी के विभिन्न फीडरों की बिजली आपूर्ति बुधवार को करीब साढ़े चार घंटे बाधित रहेगी। सड़क निर्माण कार्य के लिए एलटी एवं एचटी लाइन तथा विद्युत पोलों की शिफ्टिंग का कार्य कराया जाना है। इसके चलते संबंधित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बंद रखी जाएगी।
उपखंड अधिकारी ई. दीपक पटेल ने बताया कि चंदासी उपकेंद्र से निर्गत 11 केवी फीडर संख्या 01, 02, 03, 04, 05, 06 और 07 की विद्युत आपूर्ति सुबह 11:30 बजे से शाम 4 बजे तक बाधित रहेगी। इस दौरान पीटर इंग्लैंड से आदित्य विजन तक एलटी एवं एचटी लाइन और विद्युत पोलों को स्थानांतरित करने का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान विद्युत लाइन और पोलों के कारण किसी प्रकार की बाधा अथवा दुर्घटना की आशंका न रहे, इसके लिए लाइन का स्थानांतरण आवश्यक है। इसी को देखते हुए निर्धारित समय में विद्युत आपूर्ति बंद कर शिफ्टिंग का कार्य कराया जाएगा।
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्य पहले ही निपटा लें और बिजली से संबंधित जरूरी व्यवस्थाएं कर लें। कार्य पूरा होने के बाद आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।


















































