बरेली: बरेली जिले में बृहस्पतिवार सुबह आए तेज आंधी-तूफान और झमाझम बारिश ने भारी तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा के कारण सीबीगंज थाना क्षेत्र के बल्लाकोठा गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां दीवार गिरने से 25 वर्षीय गनेशी देवी की जान चली गई।
हादसे में महिला की दर्दनाक मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गनेशी देवी सुबह अपने पशुओं को चारा डालने गई थीं। इसी बीच अचानक तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। बचाव के लिए वह एक मकान के पास खड़ी थीं कि अचानक उसकी जर्जर दीवार ढह गई और गनेशी देवी मलबे में दब गईं। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। मृतका अपने पीछे पति कृष्ण पाल (जो औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरी करते हैं) और तीन छोटे बच्चों—आयान (7 वर्ष), नंदनी (5 वर्ष) तथा सुजान (11 माह)—को छोड़ गई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
Also Read: UP: चंदौली में बाढ़-जलभराव से हाहाकार, 50 बीघा धान की फसल डूबी, कच्चे मकान भी गिरे
शहर की बिजली व्यवस्था चरमराई
बारिश और तूफान से शहर में बुनियादी सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। लगभग 12 बिजली फीडर ठप हो गए हैं। जिले भर में 15 से अधिक बिजली के पोल उखड़ गए और कई उपकेंद्रों में जलभराव तथा तार टूटने से अंधकार छा गया। 33 केवी मढ़ीनाथ लाइन ब्रेकडाउन होने से इससे जुड़े सभी पोषक बंद हो गए।
यातायात हुआ प्रभावित
आंधी के कारण करीब 15 स्थानों पर विशाल पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए। किला क्षेत्र के स्वाले नगर में वर्षों पुराना पेड़ सड़क पर गिरने से दिल्ली हाईवे पर लंबा जाम लग गया। प्रशासन और बिजली विभाग की टीमें व्यवस्थाओं को बहाल करने में जुटी हैं।



















































