UP: रायबरेली जिले की सियासत में इन दिनों बयानों के तीर खूब चल रहे हैं। समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष इंजीनियर वीरेंद्र यादव के एक कथित बयान ने सियासी पारे को अचानक सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है। सपा जिला अध्यक्ष द्वारा चूड़ी को ‘कायरता का प्रतीक’ बताए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह हमलावर हो गई है। भाजपा जिला मंत्री शिवेन्द्र सिंह ने इस बयान पर बेहद तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे सनातन संस्कृति और देश की आधी आबादी यानी मातृशक्ति का सीधा अपमान करार दिया है।
चूड़ी सिर्फ आभूषण नहीं, सुहाग और सौभाग्य का प्रतीक
भाजपा जिला मंत्री शिवेन्द्र सिंह ने कड़े शब्दों में पलटवार करते हुए कहा कि भारतीय सनातन परंपरा में चूड़ी को केवल एक साधारण आभूषण नहीं माना जाता, बल्कि यह बहन, बेटी और माता के सुहाग, सौभाग्य और नारी-सम्मान का पवित्र प्रतीक है। ऐसे पवित्र प्रतीक को कायरता से जोड़ना देश की मातृशक्ति की भावनाओं को गहरी ठेस पहुँचाने वाला घिनौना कृत्य है। जनता इस प्रकार की ओछी भाषा और सोच को कभी स्वीकार नहीं करेगी।
Also Read: ‘गंगा एक्सप्रेसवे से मत जाना…’, सहारनपुर पहुंचे अखिलेश यादव, सरकार पर साधा निशाना
सपा अध्यक्ष को भेंट करेंगे चूड़ियां
सियासी तल्खी यहीं नहीं रुकी। भाजपा नेता ने ऐलान किया है कि पार्टी इस बयान का कड़ा विरोध करेगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सपा जिला अध्यक्ष को चूड़ियां भेंट कर यह कड़ा संदेश दिया जाएगा कि जिस मातृशक्ति और वीर नारियों के त्याग व बलिदान से देश सुरक्षित है, उनका अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
क्या है आगे का सियासी रुख?
भाजपा ने स्पष्ट कर दिया है कि पार्टी मातृशक्ति के सम्मान के लिए हर मोर्चे पर प्रतिबद्ध है और इस बयान का लोकतांत्रिक व पुरजोर विरोध जारी रहेगा। अब देखना यह होगा कि सपा खेमे की तरफ से इस तीखे सियासी हमले पर क्या सफाई आती है।















































