सहारनपुर : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत सहारनपुर पहुंचे। दोपहर करीब 12:50 बजे पहुंचने पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला।
अखिलेश यादव सबसे पहले चौधरी इन्द्रसेन और चौधरी रुद्र सेन के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने करीब एक घंटे तक स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इसी दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा।अखिलेश यादव ने नए बने एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि सड़कों पर गहरे गड्ढे हो रहे हैं। उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार छिपाने का आरोप लगाते हुए तंज कसा कि कभी पंखे से सुखाया जाता है तो कभी कारपेट बिछाया जाता है। उन्होंने कहा, “अगर मां गंगा बुलाएं तो गंगा एक्सप्रेसवे से मत जाना।”
किसानों और गन्ना भुगतान के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर किसानों के गन्ने का भुगतान 24 से 48 घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने एथेनॉल नीति और सहारनपुर के प्रसिद्ध लकड़ी नक्काशी उद्योग से जुड़े कारीगरों की समस्याएं भी उठाईं।
हर घर नल योजना को लेकर उन्होंने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और कहा कि बिना सही प्लानिंग के काम होने के कारण टंकियां पानी भरते ही ढह रही हैं। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, एंबुलेंस और पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम को लेकर भी सरकार को घेरा।
अखिलेश यादव ने सहारनपुर के शेख-उल-हिंद मेडिकल कॉलेज को बेहतर बनाने और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के लिए जांच व इलाज की सुविधाएं विकसित करने की बात कही। उन्होंने अग्निवीर योजना समाप्त कर सेना में पक्की भर्ती बहाल करने तथा युवाओं के लिए खेल स्टेडियम और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने का भी वादा किया।
दोपहर करीब 3:10 बजे अखिलेश यादव निर्धारित कार्यक्रम से लगभग एक घंटे की देरी से पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान के निवास एएलएम हाउस के लिए रवाना हुए। रास्ते में जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर और नारे लगाकर उनका स्वागत किया। दौरे के अंत में वे सरसावा एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































