सांसद पर मुकदमा दर्ज कराने वाला युवक अगवा, अपहरण का केस दर्ज

• जिला पंचायत सदस्य, सांसद के पीए समेत 4 नामजद
•फोन कर सांसद के घर चलने के लिए बुलाने का आरोप 

संतकबीरनगर जिले के बखिरा क्षेत्र के अमरडोभा में गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान हुए विवाद में सपा सांसद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने वाला युवक रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों ने काफी तलाश के बाद पुलिस को सूचना दी। युवक के बड़े भाई की तहरीर पर पुलिस ने देर रात जिला पंचायत सदस्य, सांसद के पीए समेत चार लोगों के खिलाफ अपहरण और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

यह भी पढ़ें: UP: जौनपुर में युवक की पीट-पीटकर हत्या के बाद बवाल, शव रखकर NH-135A जाम, वाहनों में तोड़फोड़

सुबह फोन कर बुलाया, दोपहर में भाई से हुई बात

बखिरा क्षेत्र के संतोषपुर गांव निवासी ओमप्रकाश कुमार पुत्र जेठू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार सुबह करीब 10:30 बजे उसके भाई विशाल के मोबाइल पर कदमा निवासी जिला पंचायत सदस्य विश्वकेतु यादव ने फोन किया। आरोप है कि उन्होंने विशाल को सांसद पप्पू निषाद के घर चलने के लिए बुलाया था। पीड़ित भाई के अनुसार, वहां परसहिया निवासी अशोक यादव, बभनी निवासी सांसद के पीए धर्मेंद्र यादव और हरिवंशपुर, थाना कप्तानगंज, जिला बस्ती निवासी जितेंद्र यादव के मिलने की बात कही गई थी। विशाल के घर नहीं लौटने पर दोपहर करीब 12 बजे उसके भाई ने मोबाइल पर फोन किया। आरोप है कि विशाल ने बताया कि वह उक्त चारों लोगों के साथ है। इसके बाद देर शाम तक विशाल घर नहीं पहुंचा। उसका मोबाइल भी बंद हो गया।

यह भी पढ़ें: प्रतिमा विसर्जन के दौरान सांसद संतकबीरनगर की गाड़ी पर पथराव, शीशा टूटा

भाई ने जताई हत्या या अनहोनी की आशंका

ओमप्रकाश ने पुलिस को बताया कि उसे आशंका है कि नामजद लोगों के साथ रहने के दौरान उसके भाई के साथ कोई अनहोनी हो सकती है। उसने अपहरण कर हत्या किए जाने की आशंका भी जताई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने विश्वकेतु यादव, धर्मेंद्र यादव, अशोक यादव और जितेंद्र यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

यह भी पढ़ें: बखिरा विसर्जन विवाद में दर्ज मुकदमे पर सांसद पप्पू निषाद का पलटवार, बोले -फर्जी केस लगाया

अपहृत विशाल की तलाश में लगाई गई दो पुलिस टीमें

एसपी संदीप कुमार मीना ने युवक की बरामदगी के लिए दो पुलिस टीमें गठित की हैं। पहली टीम में राजेडीहा चौकी प्रभारी दद्दन राय, हेड कांस्टेबल अमित कुमार सिंह और कांस्टेबल लोकेश यादव को शामिल किया गया है। दूसरी टीम में बखिरा चौकी प्रभारी शैलेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल राजीव वर्मा और कांस्टेबल निर्भय प्रताप सिंह हैं। पुलिस नामजद आरोपियों से जुड़े संभावित ठिकानों के साथ ही विशाल के मोबाइल संपर्क और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल प्राथमिकता युवक की सकुशल बरामदगी है। एसपी संदीप कुमार मीना ने बताया कि विशाल की बरामदगी के लिए दो टीमें लगाई गई हैं। साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।