प्रतिमा विसर्जन के दौरान सांसद संतकबीरनगर की गाड़ी पर पथराव, शीशा टूटा

संतकबीरनगर जिले के बखिरा थाना क्षेत्र के अमरडोभा गांव के पास लेडुआ महुआ चौराहे पर शुक्रवार रात गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हंगामा हो गया। इसी दौरान सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद की फॉर्च्यूनर गाड़ी पर पथराव कर दिया गया। पथराव में गाड़ी का शीशा टूट गया। घटना के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया। एहतियातन कई थानों की फोर्स तैनात की गई।

यह भी पढ़ें: ‘सब कुछ सरकार के इशारे पर हुआ…’, गाजीपुर में सपा डेलिगेशन पर पथराव को लेकर अखिलेश यादव का तीखा हमला

डीजे की फोटोग्राफी के बाद रुका विसर्जन

बताया गया कि रात करीब 11 बजे बखिरा पुलिस ने तेज आवाज में बज रहे डीजे की फोटोग्राफी की थी। आयोजकों को डीजे के खिलाफ कार्रवाई और चालान की आशंका हुई। इसके बाद डीजे संचालक कथित तौर पर मौके से डीजे लेकर चले गए। इससे नाराज आयोजकों ने प्रतिमा विसर्जन रोक दिया और सड़क पर नारेबाजी शुरू कर दी। आयोजकों का कहना था कि डीजे वापस आने के बाद ही विसर्जन किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: ‘वोट चोरी पकड़ाने से BJP डिस्टर्ब…’, रायबरेली में काफिला रोके जाने पर बोले राहुल गांधी

काफिला पहुंचते ही पथराव का आरोप

इसी दौरान संतकबीरनगर सांसद का काफिला वहां से गुजर रहा था। आरोप है कि अचानक सांसद की गाड़ी और काफिले पर पथराव शुरू कर दिया गया। इसमें सांसद की फॉर्च्यूनर का शीशा टूट गया। वहां से वह किसी तरह से बच निकले। सांसद लक्ष्मी कांत उर्फ पप्पू निषाद ने बताया कि वह धनघटा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा करने के बाद कैंप कार्यालय लौट रहे थे। घटना के बाद वह गाड़ी से निकलकर मौके से बच निकले। हालांकि, पथराव में उनके दो गाड़ी का शीशा टूट गया है।

यह भी पढ़ें: UP: पीडीडीयू जंक्शन पहुंचे AAP सांसद संजय सिंह, कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ किया भव्य स्वागत

समर्थकों के साथ थाने पहुंचे सपा सांसद

पथराव से नाराज सांसद समर्थकों के साथ बखिरा थाने पहुंचे और अराजकतत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर थाने में बैठ गए। सूचना पर एएसपी सुशील कुमार सिंह, एसडीएम सदर हृदय राम त्रिपाठी, सीओ सर्वदवन सिंह समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य कराने का प्रयास किया। उधर, एसपी संदीप कुमार मीना ने बताया कि सांसद की शिकायत मिली है। अराजकतत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।