Sultanpur: कूरेभार विकासखंड के सारंगपुर गांव में बुधवार को खेलते समय पांच वर्षीय मासूम की कुएं में गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने बच्चे को बचाने के लिए तत्काल प्रयास शुरू किए। तीन ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर कुएं में उतरे और काफी मशक्कत के बाद बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन मासूम को बचा नहीं सके।
जानिए क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक सारंगपुर गांव में बांठा पुत्र हरिराम के घर पर पांच वर्षीय अंकुश पुत्र मिथुन अपनी मां के साथ ननिहाल में रह रहा था। बताया गया कि बुधवार को अंकुश घर के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह अचानक पास के कुएं में जा गिरा। बच्चे के कुएं में गिरने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू कर दिया। तीन ग्रामीण कुएं में उतरे और काफी प्रयास के बाद अंकुश को बाहर निकाला। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कूरेभार लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी बहन महक (10) और छोटा भाई अनमोल (3) भी भाई की मौत से सदमे में हैं।
परिजनों के अनुसार अंकुश का मूल घर सुल्तानपुर के टिकई का पुरवा, मुंगर में है। उसके पिता मिथुन ने कुछ वर्ष पहले दूसरी शादी कर ली थी। इसके बाद से अंकुश अपनी मां के साथ ननिहाल सारंगपुर में रह रहा था। घटना से पूरे गांव में मातम पसरा है। कूरेभार थाना प्रभारी उपेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटना की प्रारंभिक जांच की है। शव के पोस्टमार्टम समेत अन्य कानूनी कार्रवाई जयसिंहपुर थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।

















































