Raebareli: कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज पांडेय बोले “विपक्षी सरकारों में होती थी सरेआम लूट, जनता अब सब समझती है…”

Raebareli: उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद मंत्री डॉ. मनोज पांडे ने रायबरेली में मीडिया से मुखातिब होते हुए विपक्षी दलों और पूर्व की सरकारों पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि देश का संविधान और कानून हर नागरिक के लिए सर्वोपरि है, लेकिन पूर्व की सरकारों में कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई जाती थीं।

जानिए क्या है पूरा मामला?

​मंत्री मनोज पांडे ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन राज्यों में समाजवादी पार्टी या अन्य विपक्षी दल सत्ता में रहे हैं, वहां महिलाओं के खिलाफ अपराध, खुलेआम लूट और भ्रष्टाचार आम बात बन चुकी थी। उन्होंने सवालिया लहजे में पूछा कि क्या मुजफ्फरनगर के दंगे और उनमें अपनी जान गंवाने वाले हजारों लोग, या फिर एके-47 लेकर खुलेआम घूमने वाले लोग जनता भूल गई है?

ALSO READ: UP: बांदा में पेयजल संकट पर जल सत्याग्रह चौथे दिन भी जारी, NH-35 पर डटे ग्रामीण, नेताओं ने दिया समर्थन

​योगी सरकार में स्थापित है कानून का राज

​प्रदेश की मौजूदा सरकार की तारीफ करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरी तरह कानून का राज स्थापित है। आज यूपी में धान और गेहूं का रिकॉर्ड उत्पादन हो रहा है, जिसके पीछे सरकार द्वारा सही समय पर न्यूनतम समर्थन मूल्य का निर्धारण करना और किसानों की उपज का उचित मूल्य दिलाना है। उन्होंने जनता का जिक्र करते हुए कहा कि यूपी की जनता अब पूरी तरह सतर्क है और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को आने वाले समय में जनता खुद सबक सिखाएगी।

​कल रायबरेली आ रहे हैं अखिलेश यादव

​एक तरफ जहां सियासी बयानबाजी का दौर तेज है, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक हलचल भी बढ़ गई है। कल यानी 24 सितंबर को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रायबरेली पहुंच रहे हैं, जहां वे एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। चुनाव और राजनीतिक कार्यक्रमों के इस माहौल के बीच मंत्री मनोज पांडे के इस तीखे बयान ने सियासी पारा और अधिक चढ़ा दिया है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)