Bijnor: नवागत जिलाधिकारी बिजनौर उमेश प्रताप सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार में पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने से पूर्व पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस एवं कोषागार में नवागत जिलाधिकारी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अपना परिचय दिया। पदभार ग्रहण करने के उपरांत जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में मीडिया से वार्ता करते हुए अपनी प्राथमिकताओं के संबंध में जानकारी दी।
जानिए क्या है पूरा मामला?
उन्होंने कहा कि शासन की जो प्राथमिकताएं हैं, वही उनकी भी प्राथमिकताएं होंगी। शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद मुख्यालय के साथ-साथ तहसील, विकासखंड एवं थाना स्तर पर प्रभावी मॉनिटरिंग व्यवस्था को और पुख्ता किया जाएगा, ताकि शासन की योजनाओं एवं नीतियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि विभिन्न शासकीय योजनाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा निर्माण कार्यों, विकास कार्यों एवं विभिन्न विभागीय कार्यों के निष्पादन में तेजी लाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विशेष निगरानी रखते हुए संबंधित अधिकारियों से नियमित प्रगति की जानकारी ली जाएगी।
ALSO READ: Etawah: आरसीसी मार्ग पर गंदा पानी, आवागमन दुश्वार, स्थायी समाधान की मांग
बिजनौर जनपद में कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगी। साथ ही आमजन एवं फरियादियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए उनकी शिकायतों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, युवाओं से संबंधित योजनाओं, रोजगार एवं स्वरोजगार सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की नियमित समीक्षा की जाएगी। उनका उद्देश्य शासन की योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू कर अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ दिलाना है।

















































