• प्रधानी चुनाव की रंजिश में रची गई थी हत्या की साजिश, आंखों में मिर्च झोंककर लाठी-डंडों व गैंती से किया था हमला
संतकबीरनगर जिले में कोतवाली खलीलाबाद पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने पहलवान ब्रह्मानंद यादव हत्याकांड का गुरुवार को खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लाल मिर्च पाउडर, चार बांस के डंडे और लोहे की गैंती बरामद की है। पुलिस के मुताबिक हत्या के पीछे प्रधानी चुनाव की पुरानी रंजिश बताई जा रही है। एसपी संदीप कुमार मीना ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। एसपी संदीप कुमार मीना के मुताबिक, भकठान (गोसाईपुर) गांव निवासी प्रधान रामाकांत यादव ने 22 सितंबर को तहरीर दी थी कि उनके 35 वर्षीय छोटे भाई ब्रह्मानंद यादव बुलेट से गिठिनी बाजार पशु आहार खरीदने जा रहे थे। गांव में राकेश यादव के घर के सामने पहुंचते ही पहले से घात लगाए आरोपियों ने उनकी बाइक रोक ली। आरोप है कि उनकी आंखों में लाल मिर्च पाउडर डाल दिया गया। आंखों में मिर्च पड़ने से ब्रह्मानंद बाइक समेत सड़क पर गिर गए। इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडे और गैंती से उन पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। धर्मेंद्र ने 112 पर सूचना दी। पुलिस की मदद से ब्रह्मानंद को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: संतकबीरनगर में प्रधानी के चुनावी रंजिश में पहलवान की पीट-पीटकर हत्या
वीडियो फुटेज और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पकड़े गए आरोपी
तहरीर के आधार पर राकेश यादव, छबिराम, अजय और अभिमन्यु के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान वीडियो फुटेज और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर रामस्वरूप यादव और संजय यादव के नाम भी सामने आए। पुलिस ने बयारा मोड़-मंझरिया रेलवे क्रॉसिंग के पास से अभिमन्यु यादव, अजय यादव, रामस्वरूप यादव और संजय यादव को गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी राकेश यादव को महराजगंज जिले से पकड़ा गया। आरोपियों की निशानदेही पर चार बांस के डंडे, लोहे की गैंती और लाल मिर्च पाउडर बरामद किया गया।
यह भी पढ़ें: जिला केसरी ब्रह्मानंद की हत्या से सहमा गांव, खेत में मिली बुलेट
पहले से रची थी हत्या की साजिश
एसपी संदीप कुमार मीना के मुताबिक पूछताछ में मुख्य आरोपी राकेश यादव ने बताया कि प्रधान रामाकांत यादव, उनके भाई ब्रह्मानंद और श्रीकांत से उसकी पुरानी रंजिश थी। 18 मई 2026 को भी मारपीट की घटना हुई थी, जिसके संबंध में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसी रंजिश में राकेश ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर ब्रह्मानंद को रास्ते से हटाने और आगामी प्रधानी चुनाव में रामाकांत को हराने की योजना बनाई थी।22 सितंबर को ब्रह्मानंद के दिखाई देने पर आरोपियों ने योजना के तहत उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर हमला किया। राकेश के मुताबिक उसने लोहे की गैंती से भी ब्रह्मानंद के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों पर वार किए।पुलिस ने पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।














