• आधे घंटे तड़पते रहे ब्रह्मानंद, डर से घरवाले नहीं पहुंच सके
•7 साल के बेटे ने दी मुखाग्नि, आरोपी के घर पर ताला
संतकबीरनगर जिले के कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के भकठान (गोसाईपुर) गांव में जिला केसरी पहलवान ब्रह्मानंद यादव की हत्या के बाद पूरे गांव में खौफ और आक्रोश का माहौल है। परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने पहले उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर झोंककर उन्हें असहाय किया और फिर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। गंभीर रूप से घायल ब्रह्मानंद करीब आधे घंटे तक मौके पर तड़पते रहे, लेकिन आरोपियों के डर से परिजन उनके पास नहीं पहुंच सके। ब्रह्मानंद के भाई रामानंद यादव के मुताबिक, आरोपियों ने कथित तौर पर पहले से हत्या की योजना बनाई थी। उनका आरोप है कि गिठनी बाजार से करीब ढाई किलो मिर्ची पाउडर खरीदा गया था। ब्रह्मानंद बुधवार को बुलेट से घर से बाजार के लिए निकले थे। घर से करीब 50 मीटर दूर रास्ते में उन्हें घेर लिया गया। आरोप है कि राकेश यादव, छबिराम, अजय और अभिमन्यु ने पहले आंखों में मिर्ची पाउडर डाला और इसके बाद लाठी-डंडों से हमला कर दिया। परिजनों का कहना है कि घटना के दौरान आरोपियों ने उन्हें भी मौके पर आने से रोका। आगे बढ़ने पर फायरिंग किए जाने का आरोप है। करीब 15 मिनट तक परिवार को घटना की जानकारी नहीं हो सकी। शोर सुनकर जब परिजन बाहर निकले तो हमलावरों के डर से घटनास्थल तक नहीं जा पाए। 112 की गाड़ी पहुंचने के बाद ब्रह्मानंद को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: संतकबीरनगर में प्रधानी के चुनावी रंजिश में पहलवान की पीट-पीटकर हत्या
सात साल के बेटे ने दी पिता को मुखाग्नि
ब्रह्मानंद की हत्या से परिवार में कोहराम मचा है। बुधवार को धनघटा क्षेत्र के बिडहर घाट पर सरयू नदी के किनारे अंतिम संस्कार किया गया। सात वर्षीय बेटे अंश ने पिता की चिता को मुखाग्नि दी तो वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। ब्रह्मानंद के पहलवान होने और जिला केसरी का खिताब जीतने की बात बताते हुए परिजनों ने कहा कि उनकी शारीरिक मजबूती और मिलनसार स्वभाव के कारण किसी को भी ऐसी वारदात की आशंका नहीं थी।
यह भी पढ़ें: पहलवानों के आंदोलन से कोर्ट के फैसले तक, पूरी टाइमलाइन…यौन शोषण मामले में BJP के पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह बरी
आरोपी के घर पर ताला, गांव में पुलिस का पहरा
हत्या के बाद आरोपियों के परिजन घर में ताला बंद कर फरार हो गए। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने आरोपियों के घर की निगरानी के साथ पीड़ित परिवार के आसपास और गांव के प्रमुख रास्तों पर पुलिस बल तैनात किया है। पुरुष और महिला पुलिसकर्मियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है।
यह भी पढ़ें EDUCATION NEWS: 10 साल बाद फिर जारी होगा 1 साल वाला B.Ed ,जानें नियम और शर्तें
वीडियो फुटेज से दो और आरोपियों की पहचान
पुलिस ने घटना की वीडियो फुटेज के आधार पर दो और संदिग्ध आरोपियों की पहचान की है। पुलिस के अनुसार चार नामजद आरोपियों में से मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। कोतवाली प्रभारी जय प्रकाश दुबे ने बताया कि फुटेज के आधार पर सामने आए तथ्यों की जांच की जा रही है। घटना में जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: हार्दिक पांड्या वाले Tweet पर रणवीर सिंह को WWE रेसलर के मैनेजर ने दी धमकी, लिखी ये बात…
धान के खेत में मिली बुलेट, फोरेंसिक टीम ने कब्जे में ली
घटनास्थल के पास बुधवार को धान के खेत में एक बुलेट मिलने से जांच का एक और पहलू सामने आया। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और बुलेट को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। सीओ प्रियम राजशेखर पांडेय ने बताया कि बरामद बुलेट की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद ही इससे जुड़ी स्थिति स्पष्ट होगी। एसपी संदीप कुमार मीना ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ब्रह्मानंद यादव की मौत का कारण हेड इंजरी सामने आया है। सुरक्षा के मद्देनजर गांव में पुलिस बल तैनात है। पांच आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना में जो भी लोग शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।














