• DIG ने बस्ती, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर के एसपी को भेजा पत्र, बीट से थाने तक होगी निगरानी
• राजस्व विभाग के साथ मिलकर विवादों का होगा निस्तारण
संतकबीरनगर। भूमि विवादों में हत्या, हत्या के प्रयास और बलवा जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बस्ती परिक्षेत्र के DIG(Deputy inspector general) संजीव त्यागी ने सख्त कार्ययोजना तैयार की है। अब छोटे से छोटे भूमि विवाद को भी पुलिस गंभीरता से लेगी। बीट स्तर से लेकर थाने तक विवादों की निगरानी होगी। समय रहते कार्रवाई नहीं करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी। DIG ने बस्ती, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर के पुलिस अधीक्षकों ( Superintendent of Police) को पत्र भेजकर कार्ययोजना का कड़ाई से अनुपालन कराने का निर्देश दिया है।
एक जनवरी से 20 अगस्त 2026 तक के आंकड़ों के मुताबिक, बस्ती जिले में यूपी-112 पर भूमि विवाद से संबंधित 7977 और IGRS पर 5868 शिकायतें मिलीं। संतकबीरनगर में यूपी-112 पर 5276 और IGRS पर 2353 शिकायतें दर्ज हुईं। वहीं, सिद्धार्थनगर में यूपी-112 पर 6012 और IGRS पर 1555 शिकायतें प्राप्त हुईं। DIG के मुताबिक, कई गंभीर घटनाओं की पृष्ठभूमि में पुराने भूमि और संपत्ति विवाद सामने आए हैं। कई मामलों में पक्षकारों ने पुलिस और राजस्व अधिकारियों से शिकायत भी की, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से विवाद हिंसा में बदल गए। इसे देखते हुए शुरुआती स्तर पर ही विवादों को चिह्नित कर निस्तारण कराने पर जोर दिया गया है।
सार्वजनिक स्थानों पर दर्ज होगा बीट पुलिस अधिकारी का मोबाइल नंबर
कार्ययोजना के तहत प्रत्येक गांव और मोहल्ले में बीट पुलिस अधिकारी का नाम, पद और मोबाइल नंबर सार्वजनिक स्थान पर अंकित कराया जाएगा। संबंधित राजस्व लेखपाल की जानकारी भी उपलब्ध रहेगी। थानों में इसकी अद्यतन सूची रखी जाएगी। भूमि विवाद रजिस्टर में पुराने और नए सभी विवाद दर्ज किए जाएंगे। थाना समाधान दिवस और तहसील दिवस पर मिली शिकायतों के अलावा IGRS, यूपी-112 और उच्चाधिकारियों के माध्यम से प्राप्त शिकायतों को भी रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा। दोनों पक्षों को बुलाकर विवाद के निस्तारण की कार्रवाई होगी। गंभीर मामलों में शस्त्र के दुरुपयोग की आशंका होने पर शस्त्र अधिनियम की धारा 17 के तहत लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट भेजी जाएगी। इसके अलावा BNSS की धारा 152 और 164 के तहत भी आवश्यक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: रायबरेली: टैक्स बकायेदारों पर परिवहन विभाग सख्त,15 दिन में जमा करें बकाया नहीं तो वाहन होगा सीज
तीनों जिलों के कप्तानों को भेजी 100-100 विवादों की सूची
डीआईजी संजीव त्यागी ने बस्ती, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर में ऐसे 100-100 भूमि विवादों की सूची तैयार कराई है, जिनमें पहले हत्या, हत्या के प्रयास या मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित एसपी को प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। डीआईजी संजीव त्यागी ने बताया कि भूमि विवादों में हिंसक घटनाओं की रोकथाम के लिए तीनों जिलों के एसपी को पत्र भेजा गया है। छोटे-छोटे विवादों की सूचना को गंभीरता से लेते हुए राजस्व टीम की मदद से उनका समय रहते निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए हैं।














