Azamgarh: पेड़ से लटका मिला युवक का शव, परिजनों में मचा कोहराम

Azamgarh: गंभीरपुर थाना क्षेत्र के हरईरामपुर गांव में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के सिवान स्थित एक बगीचे में पेड़ से एक युवक का शव लटका मिला। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही गंभीरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

जानिए क्या है पूरा मामला? 

पेड़ से शव नीचे उतारे जाने के बाद उसकी पहचान 40 वर्षीय अरमान पुत्र अमीन, निवासी हरईरामपुर के रूप में हुई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि अरमान पहले सैलून चलाते थे। मृतक की पत्नी सूफियाना ने गंभीरपुर थाने में तहरीर देकर बताया कि उनके पति मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे और उनका दवा-इलाज भी चल रहा था। शुक्रवार रात करीब 11 बजे वह बिना बताए घर से कहीं चले गए। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। शनिवार सुबह ग्रामीणों से बगीचे में पेड़ से शव लटके होने की जानकारी मिली।

ALSO READ: अंतरिम राहत मिली तो विवेचक के सामने पहुंचे आरोपी हेड मुहर्रिर राधेश्याम 

सूचना पर थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पत्नी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)