जौनपुर में 201 लोगों के चेहरों पर लौटी खुशी, पुलिस ने बरामद किए 45 लाख के मोबाइल

जौनपुर: चोरी या गुम हुए मोबाइल फोन को वापस पाने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिए जौनपुर पुलिस ने बड़ी राहत दी है। CEIR पोर्टल के जरिए जौनपुर पुलिस की साइबर टीम ने अभियान चलाकर अलग-अलग जिलों और राज्यों से 201 गुमशुदा और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई नोडल अधिकारी साइबर क्राइम अनन्त चन्द्रशेखर (IPS) के निर्देशन और सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता (IPS) के पर्यवेक्षण में साइबर टीम द्वारा की गई। टीम ने CEIR पोर्टल की मदद से मोबाइल फोन की तकनीकी जानकारी जुटाई और उनकी लोकेशन व इस्तेमाल से जुड़े इनपुट के आधार पर अलग-अलग जिलों और राज्यों से मोबाइल बरामद किए।

ALSO READ: Chandauli: मुगलसराय में सपा का PDA जनसंवाद, महंगाई-बेरोजगारी समेत जनसमस्याओं पर सरकार को घेरा

मोबाइल फोन वापस मिलने के बाद उनके स्वामियों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। जिन लोगों को उम्मीद नहीं थी कि उनका मोबाइल दोबारा उनके हाथ आएगा, उन्हें पुलिस ने फोन सौंपकर बड़ी राहत दी।

जौनपुर पुलिस के अनुसार, CEIR पोर्टल के माध्यम से अब तक 2239 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 4.35 करोड़ रुपये है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गुम या चोरी हुए मोबाइल की सूचना समय से देने और CEIR पोर्टल पर उसे ब्लॉक कराने से मोबाइल की बरामदगी में मदद मिल सकती है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)