UP: बांदा में बीएड योग्यता के आधार पर प्राथमिक विद्यालयों में नियुक्त शिक्षकों के छह माह के ब्रिज कोर्स को लेकर शिक्षकों में नाराजगी सामने आई है।गुरुवार को प्राथमिक शिक्षक संघ के बबेरू ब्लॉक अध्यक्ष अजय कुमार की अगुवाई में करीब आधा सैकड़ा शिक्षक एवं शिक्षिकाएं बांदा-चित्रकूट सांसद कृष्णा देवी पटेल के आवास पहुंचे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें उठाईं।
शिक्षकों ने कहा कि नियुक्ति के समय निर्धारित सभी नियम और योग्यताएं पूरी करने के बाद उनकी नियुक्ति हुई थी।इसके बावजूद अब नए नियमों के तहत छह माह के ब्रिज कोर्स में 50 प्रतिशत पासिंग मार्क की अनिवार्यता से शिक्षकों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है। शिक्षकों ने मांग की कि 50 प्रतिशत पासिंग की बाध्यता हटाकर ब्रिज कोर्स को केवल विभागीय क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण के रूप में पूर्ण कराया जाए।
शिक्षिकाओं ने कहा कि ब्रिज कोर्स के दौरान मातृत्व अवकाश और विशेष परिस्थितियों को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं होने से महिला शिक्षकों के सामने असमंजस की स्थिति बनी हुई है।उन्होंने सरकार से स्पष्ट नियम जारी करने की मांग की,ताकि महिला शिक्षकों को अनावश्यक मानसिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
ज्ञापन लेने के दौरान सांसद कृष्णा देवी पटेल ने शिक्षकों को आश्वासन दिया।उन्होंने कहा कि शिक्षक कड़ी मेहनत करके बच्चों को कच्ची मिट्टी के बर्तन की तरह आकार देते हैं।इसके बावजूद शिक्षकों के साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है।सांसद ने कहा कि वह संसद सत्र के दौरान इस मुद्दे को संसद में उठाएंगी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री से भी वार्ता करेंगी।ज्ञापन सौंपने के दौरान आशुतोष गौतम, राजेश गुप्ता,श्रीधर गुप्ता,आराधना तिवारी,इंदू प्रभात सचान,सुनील यादव सहित तमाम शिक्षक एवं शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।









