UP: रायबरेली में भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त जिला प्रभारी नीरज सिंह के रायबरेली में प्रथम आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। अपने पहले दौरे की शुरुआत उन्होंने ऐतिहासिक चुरुवा हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ की। उन्होंने विधि-विधान से दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। इसके बाद वह जिला भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
जिला कार्यालय में संगठन की तैयारियों पर मंथन
जिला कार्यालय पहुंचने के बाद नीरज सिंह ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लिया। इस दौरान आगामी कार्यक्रमों, संगठन को मजबूत करने की रणनीति और एमएलसी चुनाव को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने और आपसी समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया।
कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जुटने का आह्वान
नीरज सिंह ने कहा कि चुनाव में सफलता के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ऊर्जा और एकजुटता के साथ संगठन के लिए काम करने का आह्वान किया। उन्होंने भरोसा जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण के दम पर भाजपा आगामी चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी और पार्टी के पक्ष में मजबूत परिणाम आएंगे।
प्रेसवार्ता में सपा पर साधा निशाना
पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान जिला प्रभारी ने विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी, पर निशाना साधा। उन्होंने पिछली बार राज्यसभा चुनाव के दौरान सपा की ओर से विधायकों को एकजुट करने की कोशिश का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय के राजनीतिक घटनाक्रम और परिणाम सभी के सामने हैं। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष के दावों के बावजूद जनता प्रदेश की स्थिति को समझ रही है और योगी आदित्यनाथ सरकार की योजनाओं व कामकाज से आम लोगों की अपेक्षाएं पूरी हो रही हैं।
रायबरेली की सभी सीटों पर जीत का दावा
नीरज सिंह ने कहा कि भाजपा संगठन रायबरेली की सभी सीटों पर जीत के लक्ष्य के साथ पूरी तरह सक्रिय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव तक लगातार जुटे रहने की अपील की और आगामी चुनावों में ऐतिहासिक सफलता का दावा किया। कार्यक्रम में सदर विधायक अदिति सिंह, सलोन विधायक अशोक कोरी, जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।









