UP: अमेठी के मोहनगंज थाने में तैनात महिला कांस्टेबल प्रतीक्षा सिंह की आत्महत्या के मामले में पुलिस जांच में नया मोड़ सामने आया है। शुरुआती जांच में मामला पुलिस प्रताड़ना के बजाय प्रेम प्रसंग से जुड़ा पाया गया है। मामले में कानपुर के रेवना थाने में आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
कानपुर जिले के रेवना थाना क्षेत्र के गिरसी गांव निवासी विजय सिंह की बेटी प्रतीक्षा सिंह अमेठी जिले के मोहनगंज थाने में कांस्टेबल के पद पर तैनात थी। 30 सितंबर को वह सात दिन की छुट्टी लेकर अपने घर गई थी। घर पहुंचने के बाद उसने छत में लगे कुंडे से दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया था।
मामले में मृतका के पिता ने पुलिस पर बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। आरोप सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान प्रतीक्षा के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल को खंगाला गया। पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि पुलिस में भर्ती होने से पहले प्रतीक्षा कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र के विनौर निवासी विक्रम सिंह चंदेल के साथ कोचिंग करती थी। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हुआ था।
एसपी अमेठी सरवणन टी ने बताया कि प्रतीक्षा की कॉल डिटेल की जांच में जनवरी से घटना से पहले तक आरोपी युवक से पांच हजार से अधिक बार बातचीत होने की जानकारी सामने आई है। दोनों के बीच करीब 1100 घंटे तक फोन पर बातचीत हुई थी। पुलिस इसी आधार पर मामले को प्रेम प्रसंग से जुड़ा मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।
Also Read: ‘प्रक्रिया में पारदर्शिता अनिवार्य, EC मनमानी नहीं कर सकता…’, SIR पर सुप्रीम कोर्ट सख्त
पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच में प्रतीक्षा को पुलिस विभाग की ओर से प्रताड़ित किए जाने का कोई तथ्य सामने नहीं आया है। वहीं, कानपुर के रेवना थाने में आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस कॉल डिटेल, मोबाइल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी तय होने की स्थिति स्पष्ट होगी।









