UP: गंजारी स्टेडियम के चारों ओर सड़क का जाल, रिंग रोड से बनेगी फोर लेन सड़क, घटेगा ट्रैफिक का दबाव

वाराणसी: गंजारी में बन रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के आसपास यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए फोरलेन सड़क का जाल बिछाने की तैयारी शुरू हो गई है। प्रस्तावित सड़क रिंग रोड फेज-2 से शुरू होकर स्टेडियम के चारों तरफ घूमते हुए दोबारा रिंग रोड फेज-2 से जुड़ेगी। इसके लिए गंजारी और हरपुर गांव की करीब 6.62 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। जिला प्रशासन ने अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करते हुए अधिसूचना भी जारी कर दी है।

30 मीटर चौड़ी होगी सड़क

प्रस्तावित सड़क करीब 30 मीटर चौड़ी होगी। इसमें दोनों तरफ नौ-नौ मीटर का कैरेजवे होगा, यानी मुख्य सड़क की चौड़ाई 18 मीटर रहेगी। शेष हिस्से में सड़क किनारे आवश्यक ढांचागत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। लोक निर्माण विभाग की ओर से टेंडर प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। सड़क का निर्माण 15 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना की अनुमानित लागत करीब 19.94 करोड़ रुपये बताई गई है।

Also Read: ‘चुनावी खुजली मिटानी हो तो SIR पर काम करो…’, यूपी भाजपा की बड़ी बैठक, CM योगी बोले- जहां मुस्लिम अधिक, हिंदू वोटर्स के बूथ बदलवाओ

स्टेडियम के लिए बनेगा अलग ट्रैफिक सर्किट

नई सड़क का मुख्य उद्देश्य रिंग रोड फेज-2 से स्टेडियम तक सुगम कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के साथ ही स्टेडियम के चारों तरफ वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करना है। सड़क बनने के बाद स्टेडियम के लिए एक अलग ट्रैफिक सर्किट तैयार हो जाएगा। इससे आयोजन के दौरान वाहनों को आने-जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग भी मिल सकेगा।

मैचों के दौरान घटेगा दबाव

गंजारी स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट मैचों के दौरान हजारों दर्शकों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में मौजूदा सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने की आशंका है। प्रस्तावित फोरलेन सड़क से रिंग रोड से आने वाले वाहन सीधे स्टेडियम तक पहुंच सकेंगे और आयोजन के बाद वापस रिंग रोड नेटवर्क से जुड़ सकेंगे। प्रशासन की योजना स्टेडियम के साथ आसपास के क्षेत्र को भी बेहतर सड़क और आधारभूत सुविधाओं से जोड़ने की है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)