UP: ‘पत्नी को तलाक दो और मुझसे शादी करो,’ इनकार करने पर एंबुलेंस चालक को क्लिनिक में बुलाकर बेरहमी से पीटा

बरेली: भोजीपुरा थाना क्षेत्र में शादी से इनकार पर एंबुलेंस चालक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव की एक क्लिनिक संचालिका के साथ शादी करने से इनकार करने पर युवक को क्लिनिक पर बुलाया गया। वहां आरोपियों ने लाठी-डंडों, लोहे के पाइप और ईंट से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

पीड़ित के पिता जाकिर हुसैन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा पप्पू शादीशुदा है और एंबुलेंस चलाता है। आरोप है कि गांव की ही क्लिनिक संचालिका नुसरत उस पर पत्नी को तलाक देकर उससे शादी करने और दिल्ली चलने का दबाव बना रही थी। पप्पू ने इससे इनकार कर दिया। इसी को लेकर दोनों पक्षों में रंजिश हो गई।

Also Read: अमेठी: लेखपालों की कमी से 35 ग्राम पंचायतों में प्रमाण पत्रों का काम प्रभावित, ग्रामीण परेशान

आरोप है कि बाद में पप्पू को क्लिनिक पर बुलाया गया। वहां पहले से मौजूद लोगों ने उस पर हमला कर दिया। मारपीट में उसके दोनों हाथ-पैर में फ्रैक्चर हो गए। इसके अलावा पसलियों और सिर में भी गंभीर चोटें आई हैं। हमलावर उसे सड़क किनारे घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए

सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों समेत अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)