सुल्तानपुर: उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के प्रांतीय आह्वान पर शनिवार को जयसिंहपुर तहसील इकाई के लेखपालों ने विभिन्न मांगों को लेकर एसडीएम कार्यालय के समीप धरना-प्रदर्शन किया। तहसील अध्यक्ष लाल बहादुर श्रीवास्तव और तहसील मंत्री विपिन कुमार यादव के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में लेखपालों ने सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक आयोजित संपूर्ण समाधान तहसील दिवस का बहिष्कार किया। इसके बाद लेखपालों ने एसडीएम संदीप कुमार यादव और तहसीलदार मयंक मिश्रा को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की।
धरने के दौरान लेखपालों ने कहा कि राजस्व विभाग से संबंधित विभिन्न कार्यों के निष्पादन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन लंबे समय से उनकी सेवा संबंधी कई समस्याओं का समाधान नहीं हो सका है। लेखपाल संघ ने वेतन विसंगति दूर करने, अंतर-मंडलीय स्थानांतरण की व्यवस्था लागू करने तथा लेखपालों के रिक्त पदों पर नियुक्ति किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई। इसके साथ ही अतिरिक्त कार्यों से मुक्ति, लेखपाल पद को तकनीकी पद घोषित करने और विभिन्न भत्तों में वृद्धि की भी मांग की गई।
Advertisement
Also Read: सिद्धार्थनगर: लेखपालों का हल्लाबोल, 8 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू
तहसील अध्यक्ष लाल बहादुर श्रीवास्तव ने बताया कि लेखपालों की आठ प्रमुख मांगों में वेतन विसंगति का निराकरण, अंतर-मंडलीय स्थानांतरण, लेखपालों की नियुक्ति, अतिरिक्त कार्यों से मुक्ति, पद को तकनीकी घोषित करना, भत्तों में वृद्धि तथा ग्राम सचिवालय एवं सेक्टर व्यवस्था से संबंधित मांगें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मांगों के समाधान के लिए संघ लगातार शासन का ध्यान आकृष्ट करा रहा है।
तहसील मंत्री विपिन कुमार यादव ने कहा कि यदि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेश संघ के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगामी तिथियों में कार्य बहिष्कार समेत आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। धरने में वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह, कनिष्ठ उपाध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, उपमंत्री सतीश प्रसाद, कोषाध्यक्ष पूजा और ऑडिटर शिवकुमार समेत बड़ी संख्या में लेखपाल मौजूद रहे।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )


