फतेहपुर: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में सड़क पर उतरकर जुलूस निकालना और उनका पुतला फूंकना समाजवादी पार्टी के नेताओं को भारी पड़ गया। रविवार को हुए प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव समेत 11 नामजद नेताओं और अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुकदमा दर्ज होते ही सपा नेताओं में खलबली मच गई।
बताया गया कि रविवार को सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका गया। मामले को लेकर पुलिस ने प्रदर्शन की गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की।
कचहरी चौकी प्रभारी अनमोल सिंह की तहरीर पर पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव, नरेश कोरी, मंजर यार, आजम खान, सुशील यादव, अमित मौर्य, संगीता पासी, रामेश्वर दयाल, सोहेल खान, अयूब खान और विपिन यादव सहित अज्ञात लोगों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है।
पुलिस ने मामले में धारा 353, 352, 356, 218, 92 और 190 के तहत कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी है। मुकदमा दर्ज होने के बाद अब पुलिस प्रदर्शन से जुड़े तथ्यों, वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
Also Read: बिजनौर: SIR और मतदाता सूची को लेकर सपा ने उठाए सवाल, CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
पुतला फूंकने पर पुलिस की सख्ती
सपा नेताओं द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस की कार्रवाई से राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ गई है। प्रदर्शन के दौरान नियमों के उल्लंघन को लेकर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कराते हुए साफ संकेत दिया है कि सार्वजनिक प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर कार्रवाई की जाएगी।
अब जांच के बाद तय होगा कि मुकदमे में नामजद आरोपितों के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई होती है।














