UP: अमेठी जिले के रामगंज थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय किशोरी के साथ घर में घुसकर दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि वारदात के दौरान आरोपी ने किशोरी की मां को तमंचा दिखाकर किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आधी रात घर में घुसा आरोपी, किशोरी के साथ जबरदस्ती का आरोप
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 3 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे गांव का ही रहने वाला अमन गुप्ता उर्फ मनोज कुमार गुप्ता कथित तौर पर घर में दाखिल हुआ। आरोप है कि उसने किशोरी को जबरन अपनी हवस का शिकार बनाया। किशोरी की आवाज सुनकर उसकी मां ने दरवाजा खोला तो सामने आरोपी को कथित तौर पर कट्टा लिए देखा।
मां को धमकाया और धक्का देकर भागा आरोपी
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने किशोरी की मां को धमकाते हुए कहा कि अगर घटना के बारे में किसी को बताया तो जान से मार देगा। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर महिला को धक्का दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया।
घर में मिला आरोपी का मोबाइल, कपड़ों पर खून के निशान का दावा
परिजनों का कहना है कि आरोपी के भागने के बाद उसका मोबाइल फोन घर में ही पड़ा मिला। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि किशोरी के कपड़ों पर खून के निशान थे। इसके बाद परिजन किशोरी को लेकर रामगंज थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
Also Read: ‘प्रक्रिया में पारदर्शिता अनिवार्य, EC मनमानी नहीं कर सकता…’, SIR पर सुप्रीम कोर्ट सख्त
पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट, मेडिकल जांच जारी
रामगंज थाना प्रभारी राम राज कुशवाहा ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, किशोरी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।














