सिद्धार्थनगर: गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन-2026 की अधिसूचना प्रभावी होने के साथ ही जनपद सिद्धार्थनगर में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी व जिला मजिस्ट्रेट शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता तथा मुख्य विकास अधिकारी व प्रभारी अधिकारी (मतदान कार्मिक) बलराम सिंह की मौजूदगी में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया के तहत आगामी 23 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरे जनपद में कुल 08 मतदान स्थल बनाए गए हैं। इनमें 05 मतदान केंद्र तहसील स्तर पर-नौगढ़, बांसी, डुमरियागंज, इटवा और शोहरतगढ़-तथा 03 मतदान केंद्र विकास खंड/क्षेत्र पंचायत कार्यालय परिसर-खेसरहा, बर्डपुर और बढ़नी-में स्थापित किए गए हैं।
सुरक्षा व व्यवस्था के कड़े इंतजाम
जिला प्रशासन ने हर मतदान केंद्र पर सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है:
मजिस्ट्रेटों की तैनाती: प्रत्येक बूथ के लिए सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। संबंधित तहसीलों के उपजिलाधिकारियों (SDM) को जोनल मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शिकायत निस्तारण: जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली जनशिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।
Also Read: UP: रायबरेली में लाखों के ट्रैफिक सिग्नल बने शोपीस, 3 साल से नहीं सुधरी व्यवस्था
सामग्री व वाहन व्यवस्था: एस.ओ.सी. को मतपत्र व स्टेशनरी का बूथवार पैकेट तैयार कर मतदान से एक दिन पूर्व उपलब्ध कराने तथा एआरटीओ को वाहनों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
कार्मिकों का प्रशिक्षण: सहायक प्रभारी अधिकारी (कार्मिक) को मतदान कर्मियों का समयबद्ध प्रशिक्षण पूरा कराने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गौरव श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














